West Bengal News: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होना है। इसको लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज्य का नया मुख्यमंत्री कौन होगा? अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसी अटकलें हैं कि भाजपा ममता बनर्जी की जगह किसी महिला को ही मुख्यमंत्री पद सौंप सकती है। हालांकि, कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी भी इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं।
महिला दावेदारों में अग्निमित्रा पॉल का नाम प्रमुख
भाजपा में मुख्यमंत्री पद के लिए जिन महिला चेहरों की चर्चा है, उनमें अग्निमित्रा पॉल का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से शानदार जीत दर्ज की है। पॉल ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तापस बनर्जी को 40,839 वोटों से हराया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पॉल को कुल 1,19,582 वोट मिले। साल 2019 में भाजपा में शामिल होने के बाद से उनका ग्राफ तेजी से बढ़ा है। राजनीति में आने से पहले वे एक मशहूर फैशन डिजाइनर थीं।
रूपा गांगुली भी हैं मुख्यमंत्री पद की मजबूत दावेदार
रूपा गांगुली का नाम भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल है। टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में द्रौपदी का किरदार निभाकर मशहूर हुईं गांगुली करीब एक दशक से भाजपा से जुड़ी हैं। इस बार उन्होंने सोनारपुर दक्षिण सीट से चुनाव लड़ा और टीएमसी प्रत्याशी अरुंधति मैत्रा को 35 हजार से अधिक मतों से शिकस्त दी। वे 2016 से 2022 तक राज्यसभा सांसद भी रह चुकी हैं। उनकी जन लोकप्रियता और अनुभव उन्हें इस पद के लिए एक गंभीर विकल्प बनाता है।
शुभेंदु अधिकारी और अन्य नेताओं के नाम पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भवानीपुर और नंदीग्राम से जीत दर्ज करने वाले शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। इसके अलावा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दिग्गज चेहरे उत्पल महाराज के नामों पर भी विचार हो रहा है। मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द ही अहम बैठकें कर सकते हैं।
अमित शाह को मिली विधायक दल नेता चुनने की जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल में विधायक दल का नेता चुनने के लिए भाजपा आलाकमान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कमान सौंपी है। पार्टी ने उन्हें केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। यह टीम नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेगी और सर्वसम्मति से नेता का चुनाव करेगी। इसी प्रक्रिया के बाद पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।

