North India Weather: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से झुलस रहे उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत 11 राज्यों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और गरज-चमक के साथ होने वाली बौछारें पारे को नीचे लाएंगी, जिससे चिलचिलाती धूप से परेशान आम जनता को सुकून मिलेगा।
दिल्ली में लू का आखिरी प्रहार, कल से शुरू होगा झमाझम बारिश का दौर
देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी 27 अप्रैल को सूरज का रौद्र रूप देखने को मिलेगा। दोपहर के समय लू का प्रकोप बना रहेगा, लेकिन 24 घंटे बाद स्थिति बदलने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 28 अप्रैल से दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा होगा और झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी। 29 अप्रैल को भी गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में बादलों की एंट्री, कल से गरज-चमक के साथ होगी बौछारें
Uttar Pradesh Weather: यूपी में वर्तमान में गर्मी का प्रचंड रूप दिख रहा है, जहां दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो गई हैं। लू के कारण लोगों का बाहर निकलना दूभर हो चुका है। आज 27 अप्रैल को भी भीषण गर्मी सताएगी, लेकिन मंगलवार से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। यह मौसमी बदलाव झुलसा देने वाली गर्मी से बड़ी राहत दिलाएगा।
बिहार के 13 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी, आंधी-बारिश के साथ गिरेंगे ओले
Bihar Weather: बिहार में इस वक्त मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। जहां दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी का सितम जारी है, वहीं अन्य हिस्सों में आंधी-पानी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 13 जिलों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस मौसमी हलचल के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
देश के 11 प्रमुख शहरों में आज के तापमान का ताजा अनुमान
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आज देश के बड़े शहरों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर रह सकता है। दिल्ली, जयपुर, भोपाल और लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 28-29 डिग्री के बीच रहेगा। पहाड़ी इलाकों की बात करें तो शिमला में 30 डिग्री और नैनीताल में 31 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है। पटना में 38 डिग्री और रांची में 39 डिग्री के साथ गर्मी का असर दिखेगा, जबकि मुंबई और चेन्नई में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
