मनाली में महाराष्ट्र के टूरिस्टों को सनरूफ से बाहर निकलना पड़ा भारी! पुलिस ने काटा 2500 रूपये का ऑनलाइन चालान

Manali News: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में हुड़दंग मचाने वाले पर्यटकों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों का पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत यह कार्रवाई की। मनाली पुलिस अब यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है।

वायरल वीडियो में महाराष्ट्र नंबर की एक टाटा हैरियर कार साफ दिखाई दे रही है। इसमें सवार पर्यटक चलती गाड़ी की सनरूफ से बाहर निकलकर शोर मचा रहे थे। यह खतरनाक स्टंट नेशनल हाईवे पर अन्य वाहनों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन का 2500 रुपए का चालान काटा है।

सोशल मीडिया और सीसीटीवी से पुलिस रख रही पैनी नजर

मनाली पुलिस को पिछले कुछ समय से पर्यटकों की ऐसी खतरनाक हरकतों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई पर्यटक चलती गाड़ियों की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर फोटो खींचते और चिल्लाते हैं। डीएसपी केडी शर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस अब आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरे और वायरल वीडियो पुलिस के लिए पुख्ता सबूत बन रहे हैं। नियमों को तोड़ना अब जेब पर भारी पड़ रहा है।

डीएसपी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मकसद केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पहाड़ी रास्तों पर इस तरह की लापरवाही बड़े हादसों को न्योता देती है। मनाली आने वाले सैलानियों को प्रशासन ने चेतावनी दी है कि वे सुरक्षित तरीके से सफर करें। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में ऐसे हुड़दंगियों के लिए एक बड़ा सबक साबित होगी।

Hot this week

Related News

Popular Categories