Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी के समीप अंब-पठियार बाईपास पर एक अज्ञात वाहन ने 22 वर्षीय युवती को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान पंजाब निवासी सिमरन जीत कौर के रूप में हुई है। वह अपने प्रेमी के साथ घर से भागकर शादी करने के इरादे से ज्वालामुखी आई थी।
हादसे के समय सिमरन अपने प्रेमी के साथ पैदल सड़क किनारे टहल रही थी। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन उसे रौंदते हुए फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती का सिर वाहन के टायरों के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिमरन की दोनों टांगें भी इस भयावह हादसे में टूट गई थीं। वारदात के बाद चालक वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
घर से भागकर शादी करने आई थी सिमरन
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के साथी युवक ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। युवक ने बताया कि वे दोनों पंजाब से भागकर हिमाचल आए थे। दोनों ने पहले माता चिंतपूर्णी के दर्शन किए और फिर ज्वालामुखी पहुंचे थे। यहां एक धर्मशाला में कमरा किराए पर लेकर उन्होंने ज्वालाजी माता के दर्शन किए थे। शाम के वक्त वे टहलने के लिए नादौन मार्ग की ओर निकले थे, तभी इस काल रूपी वाहन ने सिमरन की जान ले ली।
हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर देखकर स्थानीय लोग सहम गए। चारों ओर खून फैला था और मृतका का प्रेमी सड़क पर बैठकर बदहवास रो रहा था। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर शव को चादर से ढंका। इस दौरान पुलिस की देरी को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के आधे घंटे बाद तक पुलिस का कोई कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा, जिससे शव बीच सड़क पर ही पड़ा रहा।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल और जांच तेज
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 108 एम्बुलेंस तो समय पर पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस के बिना कानूनी औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकीं। काफी देर बाद दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर आए और कागजी कार्रवाई शुरू की। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अब फरार वाहन की तलाश कर रही है।
पुलिस प्रशासन अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है। पुलिस का कहना है कि दोषी चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना ने एक तरफ सड़क सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं, वहीं पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

