Himachal News: हिमाचल प्रदेश की विश्व प्रसिद्ध अटल टनल में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाना एक पर्यटक को बहुत महंगा पड़ गया है। टनल के भीतर खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने वाले उत्तर प्रदेश के एक पर्यटक के खिलाफ मनाली पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने आरोपी पर्यटक का 3500 रुपए का चालान काटा है। यह पूरी कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर अमल में लाई गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने खोली पोल
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार अटल टनल के अंदर गलत लेन में चल रही थी। यह कार दूसरी गाड़ियों को बहुत खतरनाक तरीके से ओवरटेक कर रही थी। किसी अन्य यात्री ने इस खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही मनाली पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। जांच के बाद पता चला कि यूपी-81-डीजेड-6835 नंबर की यह गाड़ी अलीगढ़ के अक्षय कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है।
सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है टनल
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अटल टनल सुरक्षा की दृष्टि से एक अति-संवेदनशील क्षेत्र है। टनल के भीतर वाहन रोकना, ओवरटेक करना या सनरूफ से बाहर निकलना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। नियमों का पालन न करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
सीसीटीवी और जागरूक पुलिसकर्मियों का कड़ा पहरा
पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टनल के साऊथ पोर्टल पर पुलिसकर्मी लगातार तैनात रहते हैं। ये जवान आने-जाने वाले सैलानियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का काम करते हैं। सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए टनल के अंदर हर जगह आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जगह-जगह गति सीमा दर्शाने वाले साइन बोर्ड भी मौजूद हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


