Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के बहुचर्चित अमर कॉलोनी हत्याकांड में मुख्य आरोपी राहुल मीणा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में मौजूद राहुल पर अब राजस्थान के अलवर में दर्ज एक दुष्कर्म मामले में भी पुलिस ने घेरा मजबूत कर लिया है। अलवर पुलिस की शुरुआती जांच में राहुल के खिलाफ बलात्कार के आरोप पूरी तरह सही पाए गए हैं। अब उसे दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर राजस्थान लाने की तैयारी है।
शादी समारोह से लौटकर दोस्त की पत्नी से दरिंदगी
पुलिस की सघन जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि दिल्ली में मर्डर करने से ठीक पहले राहुल मीणा राजस्थान गया था। वह अलवर में आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचा था। आरोप है कि वहां से वापस लौटते समय उसने अपने ही एक करीबी दोस्त की पत्नी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत राजगढ़ थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान दर्ज करा लिए हैं।
पुख्ता सबूतों के बाद प्रोडक्शन वारंट की तैयारी
अलवर के पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में राहुल के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस ने राहुल के खिलाफ सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर ली है। जैसे ही दिल्ली पुलिस अपनी पूछताछ और रिमांड की कार्रवाई समाप्त करेगी, अलवर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लेगी। इसके बाद उसे राजस्थान ले जाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
जांच के दायरे में पिता और अन्य करीबी रिश्तेदार
राहुल को दबोचने के लिए दिल्ली और अलवर पुलिस ने एक संयुक्त और गुप्त ऑपरेशन चलाया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल छह लोगों को हिरासत में लिया था। लंबी पूछताछ के बाद चार लोगों को रिहा कर दिया गया है। हालांकि, राहुल के पिता और उसके करीबी साथी प्रिंस के पिता अभी भी पुलिस की सख्त निगरानी में हैं। पुलिस अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि फरार रहने के दौरान राहुल की किन-किन लोगों ने मदद की थी।
