Delhi News: दिल्ली के पॉश इलाके में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की तफ्तीश में आरोपी राहुल मीणा की आखिरी कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भागते समय गुरुग्राम में रहने वाले अपने सगे भाई को फोन किया था। उसने फोन पर अपराध कबूल करते हुए खुद को खत्म करने की बात कही थी। इस खबर ने दिल्ली और राजस्थान पुलिस के होश उड़ा दिए हैं।
भाई से फोन पर कबूला ‘दिल्ली का कांड’
हत्या के बाद जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो एक युवक फोन पर बात करते हुए भागता दिखा। आरोपी की पहचान अधिकारी के घर काम करने वाले राहुल मीणा के रूप में हुई है। राहुल ने अपने भाई से फोन पर घबराते हुए कहा कि उसने दिल्ली में एक बड़ा ‘कांड’ कर दिया है। उसने गिरफ्तारी के डर से भाई से यह भी कहा कि अब वह मरने वाला है। इस दौरान आरोपी काफी डरा हुआ नजर आ रहा था।
अलवर में दुष्कर्म के आरोपों पर दी सफाई
पूछताछ के दौरान राहुल मीणा ने राजस्थान के अलवर में हुए एक अन्य अपराध में शामिल होने से इनकार किया है। उसने पुलिस को बताया कि वह अलवर केवल अपना मोबाइल फोन वापस लेने गया था। उसका दावा है कि उसने वहां किसी पीड़िता को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचाया। हालांकि, पुलिस को उसकी इन दलीलों पर भरोसा नहीं है। जांच टीम राहुल के बयानों की सत्यता जांचने के लिए राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
कुछ ही घंटों में दो राज्यों में वारदात
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा ने महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग राज्यों में वारदातों को अंजाम दिया। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे राहुल कथित तौर पर अलवर में अपने एक पड़ोसी के घर में जबरन दाखिल हुआ। वहां उसने एक महिला के साथ मारपीट की और फिर उसके साथ बलात्कार की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। इसके तुरंत बाद उसने दिल्ली का रुख किया। फिलहाल पुलिस आरोपी और पीड़िता के गायब मोबाइल फोन की तलाश कर रही है।
सबूत मिटाने के लिए छिपाए मोबाइल फोन
जांच अधिकारियों का मानना है कि इस पूरे मामले में मोबाइल फोन सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं। आरोपी और पीड़िता दोनों के ही फोन फिलहाल गायब हैं, जिससे अंदेशा है कि राहुल ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन्हें कहीं फेंक दिया या छिपा दिया है। पुलिस की टेक्निकल टीम राहुल मीणा के फोन की लास्ट लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है। अधिकारी जल्द ही इस गुत्थी को सुलझाने और गायब सबूतों को बरामद करने का दावा कर रहे हैं।
