Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर स्थित खनेरी के महात्मा गांधी मेमोरियल नर्सिंग संस्थान में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ प्रशिक्षण ले रही करीब 17 नर्सिंग छात्राएं टीबी यानी ट्यूबरक्लोसिस की बीमारी से पीड़ित हैं। यह संख्या संस्थान में पढ़ रही कुल छात्राओं का लगभग 20 प्रतिशत है। मामला सामने आते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
पिता का दर्द: बेटी 4 महीने से खा रही है टीबी की दवा
बिलासपुर के एक पिता ने बताया कि उनकी बेटी को चार से पांच महीने पहले टीबी की पुष्टि हुई। तब से वह लगातार दवाइयाँ ले रही है। पिता ने कहा कि कॉलेज में बच्चियों को पौष्टिक और सही खाना नहीं मिल रहा है। इसी कारण उनकी सेहत बिगड़ती जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्राओं से 3600 रुपये वसूले गए हैं। यह पैसे मंदिर में चढ़ाने के नाम पर लिए गए हैं।
देवता के नाम पर डराने का गंभीर आरोप
पिता ने एक और संगीन आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन बच्चियों को देवता के नाम पर डरा रहा है। उनसे पैसे लेकर मंदिर में चढ़ाए जा रहे हैं। बीमार छात्राओं के मन में दहशत का माहौल है। परिवारों को चिंता है कि इस हालत में उनके बच्चे पढ़ाई कैसे करेंगे। यह पूरा मामला कॉलेज प्रबंधन की गंभीर लापरवाही की तरफ इशारा करता है।
BJP नेता कौल सिंह नेगी ने प्रिंसिपल को घेरा
शनिवार को रामपुर से भाजपा नेता कौल सिंह नेगी संस्थान पहुंचे। उन्होंने प्रिंसिपल को सीधे घेरते हुए कड़े सवाल पूछे। नेगी ने कहा कि एसडीएम रामपुर ने भी संस्थान में हुई 20 गड़बड़ियों को लिखित रूप में दर्ज किया है। 17 नर्सिंग प्रशिक्षुओं का टीबी से पीड़ित होना बेहद गंभीर मामला है। इस पर प्रिंसिपल का जवाब और भी हैरान करने वाला था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की कोई जानकारी ही नहीं है।
पूर्व CM जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस मुद्दे पर सुक्खू सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जरिए टीबी उन्मूलन में पूरी ताकत लगा रही है, तब राज्य स्तर पर इस तरह की लापरवाही बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह मामला हिमाचल में चल रहे टीबी उन्मूलन अभियान की पोल खोल देता है।
परिजनों ने SDM और CMO को दी लिखित शिकायत
जयराम ठाकुर ने बताया कि बीमार छात्राओं के परिजनों ने चिकित्सा अधीक्षक खनेरी और एसडीएम रामपुर को लिखित में शिकायत दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की कि वे इस मामले का तुरंत संज्ञान लें। उचित जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जयराम ने कहा कि टीबी उन्मूलन एक राष्ट्रीय प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होनी चाहिए।


