America News: अमेरिका के गल्फ कोस्ट क्षेत्र में वायु प्रदूषण ने भयावह रूप ले लिया है। लुइसियाना, टेक्सास और अरकंसास के आसमान में 150 मील चौड़ा जहरीला गुबार छा गया है। इसके चलते लगभग 5 लाख लोगों को घरों के अंदर रहने की सख्त सलाह दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। श्रेवेपोर्ट शहर इस प्रदूषण की मार सबसे ज्यादा झेल रहा है। वहां की हवा अब स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो चुकी है।
हवा में घुला ‘धीमा जहर’, फेफड़ों पर सीधा हमला
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि हवा में सूक्ष्म कणों (PM2.5) का स्तर जानलेवा सीमा तक पहुंच गया है। ये कण फैक्ट्रियों और वाहनों के धुएं से पैदा होते हैं। ये इतने महीन होते हैं कि सांस के जरिए सीधे फेफड़ों में समा जाते हैं। इससे शरीर के अंदर सूजन और सांस लेने में गंभीर तकलीफ हो सकती है। लंबे समय तक इस हवा में रहने से हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।
श्रेवेपोर्ट में AQI 250 के पार, रेड अलर्ट जारी
वर्ल्ड एयर क्वालिटी इंडेक्स प्रोजेक्ट के आंकड़ों के अनुसार श्रेवेपोर्ट में AQI 250 तक जा पहुंचा है। यह स्तर इंसानी सेहत के लिए बहुत जोखिम भरा माना जाता है। अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) के नियमों के मुताबिक 300 से ऊपर का स्तर ‘खतरनाक जोन’ होता है। ऐसे में बाहर किसी भी तरह की फिजिकल एक्टिविटी करना मौत को दावत देने जैसा है। प्रशासन ने लोगों से एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।
सांस के मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है यह धुंध
लुइसियाना पर्यावरण गुणवत्ता विभाग ने पुष्टि की है कि प्रदूषण का यह गुबार समय से पहले मौत का कारण बन सकता है। यह जहरीली हवा अस्थमा के मरीजों की स्थिति बिगाड़ रही है। इससे दिल का दौरा और स्ट्रोक आने की आशंका भी काफी बढ़ गई है। केवल बीमार ही नहीं, बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों को भी गले में जलन महसूस हो रही है। हवा में मौजूद इन भारी धातुओं के कणों ने पूरे गल्फ कोस्ट की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।
वायुमंडलीय दबाव और सावधानी बरतने की सलाह
AccuWeather के अनुसार वायुमंडलीय दबाव के स्थिर होने से प्रदूषित हवा एक जगह जम गई है। सामान्य दबाव 1,013 मिलीबार होता है, लेकिन वर्तमान बदलाव ने संकट गहरा दिया है। बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि घर के अंदर ही कसरत करें। खिड़कियों के गैप को सील रखें ताकि बाहरी हवा प्रवेश न कर सके। अगले 24 घंटों तक स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना जताई गई है।
क्या करें और क्या न करें: एक्सपर्ट्स की राय
प्रदूषण के इस दौर में अपनी सेहत को बचाने के लिए कुछ जरूरी नियमों का पालन करें।
- घर से बाहर निकलने से हर हाल में बचें।
- एयर कंडीशनर को ‘रीसर्कुलेट’ मोड पर ही चलाएं।
- घर में मोमबत्ती या अगरबत्ती जलाने से परहेज करें।
- सांस लेने में हल्की भी तकलीफ हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
- भरपूर पानी पिएं ताकि शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकल सकें।
प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और जल्द ही नई एडवाइजरी जारी हो सकती है।


