Bazpur News: रोजगार और बेहतर भविष्य के सपने लेकर सात समंदर पार न्यूजीलैंड गए बाजपुर और मिलकखानम के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। सबसे दुखद पहलू यह है कि हादसे से कुछ घंटे पहले ही मृतक संदीप ने अपनी पत्नी से फोन पर कई बार बात की थी। उसने अपने देश और परिवार के पास जल्द लौटने की इच्छा जताई थी।
हादसे से पहले पत्नी से हुई थी लंबी बातचीत
मृतक संदीप ने सोमवार को अपनी पत्नी नवजोत कौर से मोबाइल पर करीब 11 बार बातचीत की थी। बातचीत के दौरान संदीप काफी भावुक था और उसने कहा था कि अब उसका मन विदेश में नहीं लग रहा है। वह जल्द भारत लौटकर अपने आठ साल के बेटे सतकीरत से मिलना चाहता था। उसने पत्नी को बताया था कि वह अपने फुफेरे भाई वरिंदरपाल सिंह और सुपरवाइजर मनिंदरपाल सिंह के साथ एक पार्टी में जा रहा है।
परिवार का इकलौता सहारा था संदीप
परिजनों के अनुसार, संदीप के पिता निर्मल सिंह का निधन पहले ही हो चुका था और वह पूरे परिवार का इकलौता सहारा था। वर्ष 2016 में उसका विवाह नवजोत कौर से हुआ था। पिता की मौत की खबर सुनकर छोटा बेटा गुमसुम है, जबकि मां गुरदीप कौर और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। संदीप की पत्नी ने भारत सरकार से अपील की है कि उनके पति और देवर के शवों को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए।
लाखों रुपये खर्च कर भविष्य संवारने गया था विदेश
संदीप जून 2023 में लाखों रुपये का कर्ज लेकर न्यूजीलैंड गया था। वहां कड़ी मेहनत कर उसने न केवल अपना कर्ज चुकाया, बल्कि अपने फुफेरे भाई वरिंदरपाल को भी वहीं बुला लिया। संदीप का वर्क परमिट वीजा आगामी जून माह में समाप्त होने वाला था। परिजनों को उम्मीद थी कि अब परिवार के अच्छे दिन शुरू होंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इस हादसे ने एक झटके में पूरे परिवार की उम्मीदें तोड़ दी हैं।
न्यूजीलैंड में वर्क परमिट पर कर रहे थे काम
संदीप और वरिंदरपाल न्यूजीलैंड के एक कीवी फार्म में काम करते थे। उनकी दोस्ती वहां के सुपरवाइजर मनिंदर पाल सिंह से हो गई थी, जो मूल रूप से पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले थे। हादसे में मनिंदर पाल की भी जान चली गई है। मनिंदर का परिवार न्यूजीलैंड में ही रहता है, जबकि संदीप और वरिंदरपाल का परिवार उत्तराखंड में उनके लौटने का इंतजार कर रहा था। अब पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक की लहर है।


