आधी रात को पुलिस की दबिश और भारी हंगामा: दिल्ली के नामी क्लाउड किचन ने क्यों बंद की अपनी सेवाएं?

Delhi News: राजधानी के पॉश इलाके वसंत कुंज में एक नामी 24×7 क्लाउड किचन और दिल्ली पुलिस के बीच ठन गई है। किचन संचालक ने पुलिसकर्मियों पर कर्मचारियों को डराने-धमकने और जबरन काम बंद कराने का गंभीर आरोप लगाया है। इस विवाद के चलते संचालक ने सोमवार रात से अपनी नाइट सर्विस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की कवायद बताया है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा: ‘रात 10 बजे बंद करो दुकान’

क्लाउड किचन कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी आपबीती साझा की है। कंपनी का दावा है कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात कुछ पुलिसकर्मी अचानक उनके आउटलेट पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों पर दबाव बनाया कि रात 10 बजे के बाद संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाए। जब स्टाफ ने नियमों का हवाला देकर सफाई मांगी, तो अगले दिन फिर तीन पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। इस घटना के बाद से किचन के कर्मचारियों में भारी डर और दहशत का माहौल है।

‘बीट वाले से कर लो बात’ और स्टाफ को मिली धमकी

संचालक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए रात में किचन नहीं चलाया जा सकता। स्टाफ का दावा है कि उन्हें धमकी दी गई और काम जारी रखने के बदले ‘बीट इंचार्ज’ से सेटिंग करने की सलाह दी गई। इस कथित उगाही के संकेत और दबाव के कारण आउटलेट प्रबंधन ने रात की सेवाएं बंद करने का फैसला लिया। कंपनी अब इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाने की तैयारी में है।

दिल्ली पुलिस की सफाई: मसूदपुर डेयरी इलाके में बढ़ी हैं चोरियां

मामला तूल पकड़ते ही दिल्ली पुलिस ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि मसूदपुर डेयरी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की वारदातें बढ़ी हैं। स्थानीय जांच और बीट स्टाफ के इनपुट से पता चला कि इलाके में कई क्लाउड किचन रात भर चलते हैं। पुलिस के अनुसार, इनके कारण क्षेत्र में देर रात असामाजिक तत्वों की भीड़भाड़ बनी रहती है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ही गश्त और सख्ती बढ़ाई गई थी।

सुरक्षा प्राथमिकता या व्यापार में बाधा? छिड़ी नई बहस

इस घटना ने दिल्ली में 24×7 बिजनेस मॉडल और पुलिसिया कार्रवाई के बीच एक नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ पुलिस कानून-व्यवस्था का हवाला दे रही है, तो दूसरी तरफ व्यापारियों का कहना है कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। वसंत कुंज के अन्य व्यापारियों ने भी इस मामले पर चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी मामले की आंतरिक जांच कर रहे हैं। क्लाउड किचन संचालक अब सुरक्षा की गारंटी मिलने के बाद ही दोबारा रात का संचालन शुरू करने की बात कह रहे हैं।

Hot this week

IMD Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

National News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश...

Related News

Popular Categories