Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां जौहरीपुर की एक गली में स्थित मकान में अचानक एसी (AC) ब्लास्ट हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से चार साल के मासूम बच्चे यक्षित की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसका साढ़े पांच साल का बड़ा भाई प्रियांशु बुरी तरह झुलस गया है। प्रियांशु की हालत फिलहाल काफी नाजुक बनी हुई है और उसका जीटीबी अस्पताल में सघन इलाज जारी है।
कोल्ड ड्रिंक लेने गई थी नानी और कमरे में फटा एसी
यह दर्दनाक वाकया शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे का है। मनीष का परिवार जौहरीपुर की गली नंबर-2 में रहता है। जानकारी के अनुसार, दोनों मासूम बच्चे अपनी नानी के पास कमरे में बैठे थे और वहां एयर कंडीशनर चल रहा था। बच्चों ने अपनी नानी से कोल्ड ड्रिंक पीने की इच्छा जताई। जैसे ही नानी बच्चों के लिए कोल्ड ड्रिंक लेने कमरे से बाहर गईं, अचानक अंदरूनी यूनिट (Indoor Unit) में जोरदार धमाका हो गया। नानी जब वापस लौटीं तो कमरे से काला धुआं निकल रहा था।
शोर मचते ही जमा हुए लोग, अस्पताल में घोषित किया मृत
कमरे से धुआं निकलता देख नानी ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बच्चों की मां और पास-पड़ोस के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। जब लोग कमरे के अंदर दाखिल हुए तो वहां का मंजर खौफनाक था। दोनों भाई यक्षित और प्रियांशु खून से लथपथ और बेसुध पड़े थे। परिजन आनन-फानन में दोनों को गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल लेकर भागे। वहां डॉक्टरों ने छोटे बेटे यक्षित को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़े भाई प्रियांशु को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
फोरेंसिक और क्राइम टीम ने जुटाए धमाके के सबूत
अस्पताल प्रशासन की ओर से शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को इस घटना की आधिकारिक सूचना दी गई। इसके बाद गोकुलपुरी थाना पुलिस की टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर के उस कमरे का गहन निरीक्षण किया जहां धमाका हुआ था। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मलबे और जले हुए उपकरणों के नमूने एकत्र किए हैं ताकि ब्लास्ट की सटीक तकनीकी वजह का पता चल सके।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत शुरू की जांच
मनीष का परिवार जौहरीपुर में अपनी सास के साथ रहता है। यक्षित यूकेजी (UKG) का छात्र था, जबकि प्रियांशु पहली कक्षा में पढ़ता है। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां एक पल में छीन ली हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या एसी की सर्विसिंग में कोई लापरवाही बरती गई थी या यह कोई मैकेनिकल फेलियर था।


