West Bengal News: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार के गठन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। कोलकाता पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी बॉडी लैंग्वेज से मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बड़े संकेत दे दिए हैं। एयरपोर्ट पर शुभेंदु अधिकारी के साथ अमित शाह की गर्मजोशी ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। अब सबकी नजरें शाम चार बजे होने वाली विधायक दल की बैठक पर टिकी हैं।
अमित शाह की थपकी और एक ही गाड़ी में सफर
कोलकाता एयरपोर्ट पर जब अमित शाह उतरे, तो वहां शुभेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य समेत कई दिग्गज मौजूद थे। अमित शाह ने खास तौर पर शुभेंदु अधिकारी की पीठ थपथपाकर उन्हें बधाई दी। इसके बाद दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट से रवाना हुए। राजनीति के जानकारों का मानना है कि शाह ने शुभेंदु को ‘ग्रीन सिग्नल’ दे दिया है। यह कदम शुभेंदु के मुख्यमंत्री बनने की अटकलों को और पुख्ता करता है।
पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगा अंतिम फैसला
बीजेपी ने अमित शाह को बंगाल का मुख्य पर्यवेक्षक बनाया है। उनके साथ बिप्लव कुमार देव सह-पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किए गए हैं। दोनों नेता नवनिर्वाचित विधायकों की राय जानेंगे। पार्टी हाईकमान ने पहले ही विकास और सांगठनिक मजबूती को अपनी प्राथमिकता बताया है। विधायक दल की बैठक में आधिकारिक रूप से नेता का चुनाव होगा। इसके बाद ही राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
शुभेंदु अधिकारी का कद और बीजेपी की रणनीति
शुभेंदु अधिकारी बंगाल बीजेपी के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक हैं। उन्होंने चुनावी रण में पार्टी का नेतृत्व बहुत आक्रामक तरीके से किया था। अमित शाह के साथ उनकी नजदीकी दिखाती है कि शीर्ष नेतृत्व उन पर भरोसा कर रहा है। बीजेपी बंगाल में ऐसा चेहरा चाहती है जो प्रशासनिक अनुभव के साथ जनता के बीच भी लोकप्रिय हो। सुवेंदु इन सभी पैमानों पर फिट बैठते नजर आ रहे हैं।
आज शाम 4 बजे साफ होगी पूरी तस्वीर
बीजेपी विधायक दल की बैठक आज शाम करीब चार बजे कोलकाता में शुरू होगी। इस बैठक में बिप्लव देव और अमित शाह विधायकों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा इसी मंच से होने की पूरी संभावना है। बंगाल की जनता को अब उस चेहरे का बेसब्री से इंतजार है जो राज्य की कमान संभालेगा। बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग चुकी है।


