Punjab News: पंजाब के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार से मौसम शुष्क (ड्राई) बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक राज्य में मौसम को लेकर किसी भी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वीरवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिनभर चटक धूप खिली रही, हालांकि कुछ क्षेत्रों में धूप के साथ-साथ बीच-बीच में धूल भरी आंधी ने लोगों को परेशान किया। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से फिलहाल बारिश और ओलावृष्टि की संभावना कम हो गई है।
फरीदकोट और बठिंडा में पारा 39 डिग्री के पार
राज्य में गर्मी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। वीरवार को जिला फरीदकोट में दिन का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके ठीक बाद बठिंडा का तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख शहरों में फाजिल्का का तापमान 36.6 डिग्री, फिरोजपुर का 35.1 डिग्री और अमृतसर का तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस के साथ तुलनात्मक रूप से कम रहा, जिससे वहां उमस भरी गर्मी महसूस की गई।
तापमान में गिरावट और शुष्क मौसम का पूर्वानुमान
पिछले चौबीस घंटों के दौरान दिन के तापमान में औसतन 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में पंजाब का तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है, जो बेमौसमी बदलाव का संकेत है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। हिमाचल प्रदेश में सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ चुका है, जिससे सात से नौ मई तक वर्षा और ओलावृष्टि से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
11 मई से फिर सक्रिय होगा येलो अलर्ट
भले ही अगले तीन दिन राहत भरे हों, लेकिन 11 मई से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 11 से 13 मई तक के लिए पंजाब में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे आने वाली आंधी और संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए अपनी कटी हुई फसलों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित कर लें।


