Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में चारधाम यात्रा-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने यात्रियों से भरी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने यात्रा मार्ग पर लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा को आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने वाला मार्ग बताया।
हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और दिव्य अनुभव देने का संकल्प
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा करोड़ों लोगों को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है। राज्य सरकार पूरी तरह से सुरक्षित यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। वह खुद लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और दिव्य अनुभव देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यात्री देवभूमि में बिताए गए पलों की स्वर्णिम स्मृतियां अपने साथ ले जाएंगे। मां गंगा के आशीर्वाद से यह यात्रा हर साल नया कीर्तिमान रच रही है।
सीएम धामी का आग्रह: यात्रा मार्ग को रखें स्वच्छ और पवित्र
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों और यात्रा मार्गों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है। इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस वर्ष ‘ग्रीन चारधाम यात्रा’ और ‘प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम’ का लक्ष्य रखा है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था की गई है। सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर से तेज हुई यात्रा, रोपवे परियोजनाएं भी आगे बढ़ रहीं
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यात्रा को सुगम बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। हाल ही में 12 हजार करोड़ रुपये से बने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण से यात्रा और तेज हो गई है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य गतिमान हैं। गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। ऑल वेदर रोड परियोजना से यात्रा मार्ग सुगम बने हैं। गौरीकुंड से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाओं का काम भी तेजी से चल रहा है।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील, बद्रीनाथ में जून तक खुलेगा 50 बेड का अस्पताल
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो गया है। बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि सिंगल लेन सड़कों और लैंडस्लाइड जोन पर शटल सर्विस शुरू की गई है। हेल्पलाइन नंबर और एलईडी स्क्रीन के जरिए यात्रियों को जानकारी दी जाएगी।
