Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में बड़ी लापरवाही और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एटीएम में जमा होने वाले 87 लाख रुपये लेकर एक कर्मचारी फरार हो गया। घटना पिडुगुराल्ला टाउन की है। यहां एटीएम में कैश भरने वाली कंपनी सीएमएस का कर्मचारी नरेश रकम लेकर गायब हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी कैश लेकर भागता दिख रहा है।
तीन SBI और एक सेंट्रल बैंक के एटीएम में जमा होने थे पैसे
सीएमएस के जिला मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि 87 लाख रुपये अलग-अलग एटीएम में जमा किए जाने थे। यह रकम तीन एसबीआई एटीएम और एक सेंट्रल बैंक एटीएम में डाली जानी थी। पिडुगुराल्ला में एटीएम का ऑडिट करते समय सीएमएस अधिकारियों को कैश चोरी का पता चला। ऑडिट में सामने आया कि पैसे गायब हैं और कर्मचारी नरेश लापता है। मामला सामने आते ही पुलिस और कंपनी में हड़कंप मच गया।
कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद, पुलिस कर रही तलाश
सीएमएस के जिला मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि कर्मचारी नरेश का मोबाइल फोन बंद मिल रहा है। इसके बाद उन्होंने पिडुगुराल्ला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल, इस मामले में आगे की जांच जारी है।
सीसीटीवी फुटेज में कैश लेकर भागता दिखा कर्मचारी
इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कंपनी का कर्मचारी नरेश कैश लेकर भाग रहा है। सीसीटीवी कैमरे ने पूरी वारदात को रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कैश लोडिंग कंपनी के खिलाफ भी हो सकती है कार्रवाई
विशेषज्ञों के अनुसार, इस घटना के बाद कैश लोडिंग कंपनी सीएमएस के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। कंपनी की लापरवाही को भी इस मामले में शामिल किया जा सकता है। बैंक प्रबंधन ने कंपनी से इस मामले की गहन जांच की मांग की है। फिलहाल, पुलिस आरोपी नरेश की तलाश में जुटी है। आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में यह घटना बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
