World News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह ईरान के साथ शांति समझौता करने के लिए खुद इस्लामाबाद जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना ‘अच्छा दोस्त’ बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की। इस बीच इजराइल और लेबनान के बीच 10 दिन के युद्धविराम पर सहमति बन गई है, जो शुक्रवार सुबह से प्रभावी हो गया।
ट्रंप बोले- पाकिस्तान की लीडरशिप बेहतरीन, इस्लामाबाद में साइन हो सकती है डील
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘पाकिस्तान बहुत अच्छा कर रहा है। मैं इस्लामाबाद जा सकता हूं। अगर पाकिस्तान में डील साइन होती है तो मैं वहां जाऊंगा।’ उन्होंने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि वे बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि पहले दौर की शांति वार्ता 21 घंटे चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। दूसरे दौर की तैयारियां चल रही हैं।
पीएम मोदी के साथ फोन कॉल का जिक्र, कहा- वो मेरे दोस्त हैं
एक दूसरे सवाल के जवाब में ट्रंप ने हाल ही में पीएम मोदी के साथ हुई फोन वार्ता का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘मेरी उनसे बहुत अच्छी बात हुई। वो मेरे दोस्त हैं। वो बढ़िया काम कर रहे हैं।’ यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। पीएम मोदी से ट्रंप की दोस्ती की चर्चा पहले भी होती रही है। इस बयान के बाद भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
ईरान युद्ध जल्द खत्म होना चाहिए, नेवादा में बोले ट्रंप
गुरुवार रात नेवादा में टैक्स डे राउंडटेबल के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध ‘बहुत जल्द खत्म हो जाना चाहिए’। उन्होंने कहा कि इस मामले में ‘अच्छी प्रगति’ हो रही है। व्हाइट हाउस के अनुसार शांति वार्ता के दूसरे दौर की बातचीत चल रही है, लेकिन अभी समय और स्थान तय नहीं हुआ है। इससे पहले ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रखी तो युद्धविराम टूट सकता है। अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी शुरू की थी।
आसिम मुनीर तेहरान में, राष्ट्रपति पेजेश्कियान से मुलाकात
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी एक प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचे हैं। उन्होंने गुरुवार देर रात ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की। पाकिस्तान शांति प्रक्रिया में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। पहले दौर की वार्ता में अमेरिकी दल में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल थे। ईरानी दल की अगुआई संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगर गालिबाफ ने की थी।
इजराइल-लेबनान में 10 दिन का युद्धविराम, ट्रंप ने हिज्बुल्लाह से की अपील
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर घोषणा की कि इजराइल और लेबनान 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। यह युद्धविराम भारतीय समय के अनुसार शुक्रवार सुबह 2:30 बजे से प्रभावी हो गया। ट्रंप ने दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह से युद्धविराम का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि हिज्बुल्लाह अच्छा और उचित बर्ताव करेगा। अब और कोई हत्या नहीं होगी।’ एक इजराइली अधिकारी ने बताया कि युद्धविराम के दौरान इजराइल केवल हिज्बुल्लाह की ओर से हमले होने पर ही सैन्य जवाब देगा। नेतन्याहू ने कहा कि स्थायी शांति के लिए हिज्बुल्लाह के हथियार खत्म किए जाने जरूरी हैं।
