California News: अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत में स्थित अर्काडिया शहर की मेयर ईलीन वांग ने चीनी एजेंट के रूप में काम करने का अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इस गंभीर खुलासे के बाद 58 वर्षीय वांग ने तत्काल प्रभाव से मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है। संघीय अभियोजकों ने बताया कि वांग और उनके पूर्व मंगेतर याओनिंग माइक सन पर चीनी सरकार के अधिकारियों के इशारे पर अमेरिका में बीजिंग के हितों को बढ़ावा देने का आरोप है।
चीन समर्थक प्रचार और मंगेतर को चार साल की जेल
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, 65 वर्षीय याओनिंग माइक सन ने पिछले साल अक्टूबर में ही अपना जुर्म कबूल कर लिया था, जिसके बाद उन्हें चार साल जेल की सजा सुनाई गई। वांग और सन पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2020 से 2022 के बीच चीनी अधिकारियों के नियंत्रण में रहकर अमेरिका में चीन समर्थक प्रचार फैलाया। ईलीन वांग को अब इस मामले में अधिकतम दस वर्ष की जेल हो सकती है, क्योंकि उन्होंने गंभीर आपराधिक साजिश के आरोपों पर अपनी सहमति दी है।
नगर परिषद से मेयर तक का सफर और कानूनी कार्रवाई
वांग को नवंबर 2022 में अर्काडिया सिटी काउंसिल के लिए चुना गया था, जो एक पांच सदस्यीय शासी निकाय है। इस परिषद में रोटेशन प्रणाली के आधार पर मेयर का चयन किया जाता है। हालांकि, संघीय जांच और जासूसी के आरोपों ने उनके राजनीतिक करियर पर विराम लगा दिया है। जांच एजेंसियों ने पाया कि पद पर रहते हुए और उससे पहले भी वह विदेशी सरकार के निर्देशों का पालन कर रही थीं, जो अमेरिकी संप्रभुता और सुरक्षा कानूनों का सीधा उल्लंघन है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आगामी वार्षिक मेडिकल चेकअप
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर व्हाइट हाउस ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। 26 मई को ट्रंप वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में अपना वार्षिक मेडिकल और डेंटल चेकअप कराएंगे। अगले महीने 80 वर्ष के होने जा रहे ट्रंप अमेरिका के सबसे बुजुर्ग राष्ट्रपति हैं। उन्होंने हाल ही में मजाकिया लहजे में दावा किया था कि वह खुद को 50 साल पहले जैसा युवा महसूस करते हैं और दिन में बमुश्किल एक मिनट ही व्यायाम करते हैं।

