Sports News: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) क्रिकेट कनाडा के खिलाफ कथित मैच फिक्सिंग की जांच कर रही है। इसमें टी20 विश्व कप का वह मैच भी शामिल है, जो 17 फरवरी को चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेला गया था। उस मैच में कनाडा को न्यूजीलैंड के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। एक डॉक्यूमेंट्री में आरोप लगने के बाद ICC की भ्रष्टाचार रोधी इकाई (ACU) जांच में जुट गई है।
डॉक्यूमेंट्री ‘करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट’ में लगाए गए गंभीर आरोप
कनाडा के खोजी कार्यक्रम ‘द फिफ्थ एस्टेट’ द्वारा बनाई गई 43 मिनट की डॉक्यूमेंट्री ‘करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट’ को सीबीसी ने शुक्रवार को प्रसारित किया था। इस डॉक्यूमेंट्री में कनाडा क्रिकेट में भ्रष्टाचार और शासन संबंधी व्यापक दावे किए गए हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर ICC की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के उल्लंघन के आरोप शामिल हैं। ESPNCricinfo की रिपोर्ट के अनुसार ACU दो जांच कर रहा है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के पांचवें ओवर पर सबसे ज्यादा शक
डॉक्यूमेंट्री में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप मैच की बारीकी से जांच की बात कही गई है। खासतौर पर कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा द्वारा किए गए पांचवें ओवर पर शक जताया गया है। बाजवा को टूर्नामेंट से सिर्फ तीन हफ्ते पहले कप्तान बनाया गया था। यह ऑफ स्पिनर गेंदबाजी करने आया जब न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 35 रन था। उसने ओवर की शुरुआत नोबॉल से की, उसके बाद लेग साइड में वाइड गेंद फेंकी और कुल 15 रन लुटाए। इस ओवर ने मैच का रुख बदल दिया।
न्यूजीलैंड ने 15.1 ओवर में हासिल किया 173 रन का लक्ष्य
कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 173 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य मात्र 15.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। ग्लेन फिलिप्स ने 39 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। रचिन रविंद्र ने 36 गेंदों पर नाबाद 76 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए कनाडा की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं। यह हार कनाडा के लिए बेहद शर्मनाक थी। अब इस मैच पर फिक्सिंग के शक ने नए सिरे से बहस छेड़ दी है।
पूर्व कोच की लीक रिकॉर्डिंग में भी हुए गंभीर आरोप
दूसरी जांच कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहान से जुड़ी एक लीक हुई फोन रिकॉर्डिंग से संबंधित है। इस रिकॉर्डिंग में चौहान ने आरोप लगाया है कि बोर्ड के कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने उन पर कुछ खिलाड़ियों को चुनने के लिए दबाव डाला था। रिपोर्ट के अनुसार रिकॉर्डिंग में मैच फिक्सिंग के प्रयासों के दावे भी शामिल हैं। हालांकि, इन दावों को ठोस सबूतों के साथ साबित करना आसान नहीं होगा। ICC की ACU फिलहाल जांच में जुटी है, लेकिन उसने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
