पश्चिम बंगाल में बड़ा उलटफेर: 15 बूथों पर दोबारा वोटिंग का आदेश, चुनाव आयोग के इस फैसले से मचा हड़कंप

West Bengal News: निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच एक बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने राज्य के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। यह विशेष मतदान दो मई को आयोजित होगा। आयोग को मतदान प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर यह कड़ा कदम उठाया गया है। इससे राजनीतिक दलों के बीच खलबली मच गई है।

मंगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर में फिर डलेंगे वोट

निर्वाचन आयोग के अनुसार दक्षिण 24 परगना जिले के दो प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग होगी। इसमें मगराहाट पश्चिम के 11 बूथ और डायमंड हार्बर के 4 बूथ शामिल हैं। इन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों ने चुनाव आयोग को विस्तृत रिपोर्ट भेजी थी। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोग ने इन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का भरोसा दिया है।

इन केंद्रों पर आयोग ने रद्द किया पिछला मतदान

मगराहाट पश्चिम क्षेत्र के उत्तर येअरपुर एफपी स्कूल और नजरा एफपी स्कूल के कमरा नंबर एक और दो में पुनर्मतदान होगा। इसके अलावा एकतारा मालय और बाहिरपुर कुरकुरिया एफपी स्कूल के विभिन्न कमरों में भी वोट डाले जाएंगे। देउला एफपी स्कूल और घोला नयापारा गर्ल्स हाई मदरसा में भी गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। डायमंड हार्बर के बागदा जूनियर हाई स्कूल और चंदा एफपी स्कूल में भी मतदाता फिर पहुंचेंगे।

उम्मीदवारों को लिखित नोटिस और मुनादी के निर्देश

आयोग ने चुनाव अधिकारियों को पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने का सख्त निर्देश दिया है। प्रशासन अब गांव-गांव में डुगडुगी बजवाकर मतदाताओं को दोबारा वोटिंग की जानकारी देगा। सभी उम्मीदवारों को लिखित रूप से तारीख और केंद्रों के बारे में सूचित किया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारियों को तुरंत कार्यभार संभालने और गड़बड़ी रोकने के निर्देश मिले हैं। आयोग किसी भी कीमत पर चुनावी निष्पक्षता से समझौता नहीं करना चाहता है।

दूसरे चरण की गड़बड़ियों पर आयोग का कड़ा एक्शन

इन केंद्रों पर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। आयोग को मतदान के तुरंत बाद हिंसा या तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। हालांकि पहले चरण में दोबारा मतदान की कोई सिफारिश नहीं की गई थी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में इस बार ऐतिहासिक 92 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। मतगणना 4 मई को होगी, जिससे पहले यह पुनर्मतदान संपन्न करा लिया जाएगा।

Hot this week

Related News

Popular Categories