Tamil Nadu News: दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और टीवीके (TVK) प्रमुख सी जोसेफ विजय ने आखिरकार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। चार दिनों तक चले भारी राजनीतिक सस्पेंस के बाद चेन्नई में उनका भव्य राजतिलक हुआ। मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने अपने इरादे पूरी तरह साफ कर दिए हैं। उन्होंने सार्वजनिक मंच से घोषणा की कि राज्य की सत्ता का केवल एक ही केंद्र होगा और वह खुद हैं। फिल्म से राजनीति के शिखर तक पहुंचे विजय का यह तेवर विरोधियों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
पावर सेंटर को लेकर सहयोगियों और विरोधियों को सख्त संदेश
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद विजय ने एक प्रभावशाली संबोधन दिया। उन्होंने गठबंधन के सहयोगियों और विपक्षी दलों को सीधे तौर पर संदेश भेजा है। विजय ने कहा कि उनके अलावा तमिलनाडु में कोई दूसरा पावर सेंटर नहीं होगा। वह खुद सत्ता का एकमात्र केंद्र रहेंगे। उनके इस बयान से साफ है कि वह सरकार चलाने में किसी भी बाहरी या आंतरिक दबाव को बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह बयान राज्य की गठबंधन राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर सकता है।
‘गलत करने वालों को छोड़ना होगा इरादा’, छोटे भाई की तरह दी चेतावनी
विजय ने खुद को जनता का ‘थम्बी’ यानी छोटा भाई बताते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वह न खुद गलत करेंगे और न ही किसी को गलत करने देंगे। विजय ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों के मन में गलत इरादे हैं, उन्हें तुरंत पीछे हट जाना चाहिए। उन्होंने गठबंधन के साथियों को भी संदेश दिया कि उनकी सरकार किसी के दबाव में काम नहीं करेगी। जनता के हितों की रक्षा करना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
राहुल गांधी को बताया अपना भाई, समर्थन देने वाले दलों का जताया आभार
सरकार गठन में साथ देने वाले सभी दलों का विजय ने खुले दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने विशेष रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपना ‘भाई’ कहकर संबोधित किया। विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल के प्रति भी आभार व्यक्त किया। इसके अलावा उन्होंने माकपा, वीसीके और सीपीआई के शीर्ष नेताओं का नाम लेकर उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने अपनी पार्टी टीवीके के कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया वॉरियर्स को इस जीत का असली नायक बताया।
वादे निभाने के लिए मांगा समय, बोले- मैं कोई फरिश्ता नहीं
भाषण के दौरान विजय ने अपनी छवि एक आम आदमी के रूप में पेश की। उन्होंने कहा कि वह कोई फरिश्ता नहीं हैं, बल्कि एक साधारण इंसान हैं जो जनता की सेवा करना चाहते हैं। विजय ने लोगों से अपील की कि उन्हें विकास कार्यों के लिए थोड़ा समय दिया जाए। उन्होंने वादा किया कि वह जनता के एक-एक पैसे की रक्षा करेंगे और भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केवल वही वादे करेंगे जिन्हें वह वास्तव में पूरा कर सकें।
विजय कैबिनेट में 9 दिग्गज चेहरे शामिल, युवा और अनुभवी नेताओं का संगम
मुख्यमंत्री विजय के साथ उनकी कैबिनेट में नौ अन्य मंत्रियों ने भी गोपनीयता की शपथ ली। इस नई सरकार में अनुभवी और युवा चेहरों का संतुलन देखने को मिला है। अन्नाद्रमुक के पूर्व दिग्गज नेता केए सेंगोट्टैयन अब विजय की टीम का हिस्सा हैं। इनके अलावा रणनीतिकार आधव अर्जुन और राज मोहन जैसे प्रभावशाली नामों को भी जगह मिली है। डॉक्टर टीके प्रभु और सबसे युवा मंत्री एस कीर्तना ने भी शपथ ली। सहयोगी दलों के नेताओं को विभागों के बंटवारे के बाद मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

