शिमला पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: 25 बड़े नशा माफिया नेटवर्क ध्वस्त, पंजाब से यूपी तक बिछाया जाल, मुख्य सरगना गिरफ्तार

Himachal News: शिमला पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। साल 2026 में पुलिस ने नशा तस्करी के 25 बड़े नेटवर्कों को पूरी तरह जड़ से उखाड़ फेंका है। पुलिस ने केवल छोटे तस्करों को ही नहीं पकड़ा, बल्कि सप्लाई चेन की तह तक जाकर 33 मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। अंतरराज्यीय ड्रग गिरोहों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई अब तक की सबसे प्रभावी रणनीति मानी जा रही है।

बैकवर्ड लिंकिंग से टूटी नशा माफिया की कमर

शिमला पुलिस अब नशा तस्करी के मामलों में ‘बैकवर्ड लिंकिंग’ फॉर्मूले पर काम कर रही है। आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 में केवल 4 और 2025 में 7 आरोपियों की बैकवर्ड गिरफ्तारी हुई थी। लेकिन इस साल यह संख्या बढ़कर 33 तक पहुंच गई है। पुलिस की जांच अब पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों तक फैल चुकी है। इससे नशे की पूरी सप्लाई चेन कमजोर हो रही है और बड़े सप्लायर पुलिस के रडार पर आ गए हैं।

बिजनौर से गुरदासपुर तक पुलिस का बड़ा एक्शन

रोहड़ू पुलिस ने 26 मार्च को 53 ग्राम चिट्टे के साथ दो स्थानीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के बिजनौर पहुंची। वहां से मुख्य सप्लायर सलमान हैदर को दबोचा गया। जांच यहीं नहीं रुकी और पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से थोमस मसीह को भी गिरफ्तार कर लिया। थोमस मसीह इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड और मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है, जो कई राज्यों में नशा भेजता था।

चंडीगढ़ के दड़ूमाजरा से दबोचा गया मुख्य तस्कर गोलू

कोटखाई पुलिस ने एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ के दड़ूमाजरा से ‘गोलू’ नामक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने मोहाली के रमणजीत सिंह और रुबल चौहान को हथियारों और ड्रग्स के साथ पकड़ा था। आरोपियों से मिली जानकारी और कॉल डेटा के आधार पर पुलिस ने सप्लाई चेन को ट्रेस किया। 10 मई को हुई इस गिरफ्तारी से चंडीगढ़ और मोहाली के ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

एसएसपी शिमला का बड़ा बयान: अब सिर्फ बरामदगी नहीं, गिरोह का खात्मा लक्ष्य

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि अब एनडीपीएस मामलों की जांच का तरीका बदल गया है। पुलिस अब केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि नशे के स्रोत का पता लगा रही है। पुलिस की विशेष टीमें आर्थिक लेन-देन और कॉल डिटेल्स के जरिए माफिया के आकाओं तक पहुंच रही हैं। एसएसपी ने साफ किया कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान और तेज किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य हिमाचल को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना है।

Hot this week

तेल संकट के बीच पीएम मोदी की बड़ी चेतावनी, पेट्रोल-डीजल को लेकर नागरिकों से की यह खास अपील

Hyderabad News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोलियम...

Related News

Popular Categories