Himachal News: सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस एक्शन में नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार हुआ है। 42 वर्षीय यूजीन चिनवेउबा ड्रग नेटवर्क का मुख्य सप्लायर है। सोलन पुलिस ने उसे दिल्ली में छापा मारकर दबोचा है। उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन मिली है। यह तस्कर कई राज्यों में नशे की खेप सप्लाई करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोलन से जुड़े थे ड्रग नेटवर्क के तार
बीस अप्रैल को पुलिस ने सदर थाने में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को पकड़ा था। इनमें दो लोग बिहार और एक नेपाल का नागरिक था। इनके पास से 9.93 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने इन तस्करों से काफी सख्ती से पूछताछ की। इस जांच में पुलिस को ड्रग सप्लाई चेन की अहम जानकारी मिली। बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए पुलिस को नेटवर्क के तार दिल्ली से जुड़े मिले। पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी।
दिल्ली के द्वारका में पुलिस की बड़ी रेड
कनेक्शन सामने आने पर 22 अप्रैल को विशेष पुलिस टीम दिल्ली गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने द्वारका इलाके में नाइजीरियाई नागरिक के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस ने यूजीन चिनवेउबा को मौके से तुरंत गिरफ्तार कर लिया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को 229 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने मौके से नशा तौलने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी अपने कब्जे में ले लिया है।
विदेशी तस्कर के खिलाफ सख्त धाराओं में केस
एसपी सोलन अभिषेक सेकर ने इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी है। शुरुआती जांच में आरोपी ड्रग नेटवर्क का मुख्य सप्लायर निकला है। विदेशी नागरिक होने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ कड़े कानून के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आरोपी पर विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी लगाई गई है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
