सब्जीवाला बनकर पुलिस ने बिछाया जाल: रंजीत नगर में 25 लाख की ज्वैलरी चोरी करने वाला शातिर चोर 3 घंटे में ढेर

Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली के रंजीत नगर इलाके में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चोरी की एक बड़ी गुत्थी को सुलझा लिया है। एक घर से करोड़ों के आभूषणों से भरा लॉकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर दबोच लिया। इस ऑपरेशन की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए ‘सब्जी विक्रेता’ का भेष धरा और उसे अपनी चालाकी से जाल में फंसाया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लॉकर और करीब 25 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।

वारदात के दौरान बाथरूम में छूटा मोबाइल बना काल

वारदात 28 अप्रैल की सुबह 6 से 7 बजे के बीच हुई, जब साउथ पटेल नगर के कारोबारी योगेश शर्मा के घर से चोरों ने भारी-भरकम लॉकर उड़ा लिया। सूचना मिलते ही रंजीत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस टीम को घर के बाथरूम में एक अनजान मोबाइल फोन पड़ा मिला। पीड़ित परिवार ने स्पष्ट किया कि यह फोन उनका नहीं है। पुलिस को तुरंत समझ आ गया कि यह मोबाइल फोन चोरी के दौरान आरोपी का ही वहां गिर गया होगा।

सब्जीवाला बनकर हवलदार ने किया आरोपी को फोन

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर के अनुसार, बरामद फोन की बैटरी डिस्चार्ज थी। थाना प्रभारी ने चतुराई दिखाते हुए हवलदार विकास को फोन चार्ज करने और कॉल आने पर ‘सब्जी विक्रेता’ बनकर बात करने का निर्देश दिया। पुलिस ने योजना बनाई कि फोन लौटाने के बहाने आरोपी को बुलाया जाए। जब आरोपी के भतीजे का फोन आया, तो हवलदार विकास ने सब्जीवाला बनकर कहा कि उसे फोन मिला है और वह इसे 500 रुपये के बदले लौटा देगा।

रहेजा बिल्डिंग के पास पुलिस ने बिछाया जाल

लालच में आकर आरोपी ने अपने नाबालिग भतीजे को फोन लेने के लिए रहेजा बिल्डिंग के पास भेजा। जैसे ही वह वहां पहुंचा, सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी कलाम नदफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कलाम बिहार के दरभंगा का रहने वाला है और उस पर पहले से ही चोरी के सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

भारी लॉकर को उसी बिल्डिंग के निर्माणाधीन फ्लैट में छिपाया

आरोपी कलाम ने पुलिस को बताया कि लॉकर काफी भारी था, इसलिए वह उसे लेकर ज्यादा दूर नहीं भाग सका। उसने उसी बिल्डिंग के एक निर्माणाधीन फ्लैट में लॉकर को छिपा दिया था और मौका मिलते ही उसे वहां से निकालने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सुरक्षित लॉकर बरामद कर लिया है। दिल्ली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की उच्च अधिकारियों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।

Hot this week

Related News

Popular Categories