Bathinda News: पंजाब के बठिंडा में जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए भारी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर एक महिला सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 428 ग्राम हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई में 10 आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।
जलबी चौक के पास पकड़ी गई सबसे बड़ी खेप
पुलिस की सबसे बड़ी कामयाबी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मिली, जहां गश्त के दौरान जलबी चौक के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर मोगा निवासी मनदीप सिंह के पास से 274 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी तरह रिंग रोड और बरनाला बाईपास के पास से प्रेम कुमार को 4 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा गया। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नशे के नेटवर्क की मुख्य कड़ियों और सप्लायरों तक पहुँचा जा सके।
महिला तस्कर समेत कई आरोपी गिरफ्तार
नशे के खिलाफ इस प्रहार में पुलिस ने कई अलग-अलग थानों में केस दर्ज किए हैं। थाना कैनाल कॉलोनी पुलिस ने बहिमण पुल के पास से किरण नामक महिला को 6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, प्रताप नगर के रोहित कुमार को 50 ग्राम और सदर बठिंडा पुलिस ने जगसीर सिंह को 40 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया। इसके अलावा बल्लुआना, भुच्चो कलां और रामपुरा मंडी क्षेत्रों से भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई अन्य तस्करों को जेल भेजा गया है।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
थाना बालियांवाली पुलिस ने मंडी कलां निवासी बेअंत सिंह को 25 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है, लेकिन उसका साथी अमरीक सिंह मौके से भागने में सफल रहा। नथाना पुलिस ने एक आरोपी का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने पर भी मामला दर्ज किया है। एसएसपी बठिंडा ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि जिले से नशे की जड़ें काटी जा सकें।


