India News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के बाराबनी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार को माफियाराज का अड्डा बताते हुए दावा किया कि भाजपा की सरकार आते ही टीएमसी के गुंडे सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे। योगी आदित्यनाथ ने राज्य की खराब कानून-व्यवस्था के लिए कांग्रेस, वामपंथियों और टीएमसी के 15 वर्षों के शासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना डरे भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय को जिताकर ‘डबल इंजन’ सरकार लाएं।
‘यूपी मॉडल’ से माफियाओं का होगा अंत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में उत्तर प्रदेश के ‘बुलडोजर मॉडल’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नौ साल पहले यूपी की स्थिति बंगाल से भी बदतर थी। वहां हर दूसरे दिन दंगे होते थे और माफिया हावी थे। लेकिन भाजपा सरकार ने अपराधियों की ‘हड्डी-पसली’ ठीक कर दी है। अब यूपी में न कर्फ्यू है और न दंगा, वहां सब चंगा है। योगी ने वादा किया कि बंगाल में भी भाजपा सरकार आने पर दंगों और अराजकता को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।
टीएमसी के शासन में पैदा हुए लैंड और कोल माफिया
योगी ने ममता सरकार पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल अब ‘कटमनी’ का केंद्र बन गया है। केंद्र से आने वाला पैसा टीएमसी के नेता और गुंडे हजम कर जाते हैं। इसी कारण राज्य में सैंड, कोल और लैंड माफिया पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल कभी देश का आर्थिक लीडर था। लेकिन विपक्षी दलों ने इसे अपराध की राजधानी बना दिया है। भाजपा ही बंगाल को फिर से विकास के पथ पर ले जा सकती है और समृद्धि की गारंटी दे सकती है।
राम मंदिर और हिंदुत्व के मुद्दे पर घेरा
अयोध्या के भव्य राम मंदिर का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने टीएमसी और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता दीदी को राम नाम और दुर्गा पूजा से चिढ़ है। समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। लेकिन कांग्रेस, सपा और टीएमसी मिलकर भी मंदिर निर्माण को नहीं रोक पाईं। योगी ने घोषणा की कि भाजपा सरकार गोमाता को कटने नहीं देगी और हिंदुओं को बंटने नहीं देगी। उन्होंने इसे भाजपा की सबसे बड़ी सुरक्षा गारंटी बताया।
विकास के मोर्चे पर बंगाल की पिछड़ी स्थिति
आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने बंगाल के किसानों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यूपी में आलू 15-16 रुपये किलो बिकता है। वहीं बंगाल में किसानों को मात्र एक-डेढ़ रुपये ही मिल पाते हैं। टीएमसी के कारण मछली और चावल का उत्पादन भी लगातार घट रहा है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है और संसाधनों पर माफिया का कब्जा है। योगी ने बंगाल को फिर से सांस्कृतिक और आर्थिक राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया।
धारा 370 और राष्ट्रवाद का दिया संदेश
सीएम योगी ने बंगाल की धरती को क्रांतिकारियों और चिंतकों की प्रेरणा भूमि बताया। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद किया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर मुखर्जी के संकल्प को पूरा किया है। अब कश्मीर में भी वही कानून लागू है जो यूपी और बंगाल में है। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने बंगाल को टीएमसी की अराजकता से मुक्त करने का आह्वान किया।
