Gujarat News: पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच असदुद्दीन ओवैसी ने अपने ऊपर लगने वाले सबसे बड़े आरोप का करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि ओवैसी चुनाव लड़ता है तो भाजपा को फायदा हो जाता है। ओवैसी ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि बंगाल की 294 सीटों पर कांग्रेस, टीएमसी और लेफ्ट फ्रंट चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि उनकी पार्टी सिर्फ 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने विपक्षी दलों को सीधी चुनौती दी।
’11 सीट पर लड़ता हूं तो इनको दर्द होता है’
ओवैसी गुजरात के सूरत में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए रैली करने गए थे। वहां उन्होंने कहा कि सबको दर्द इस बात का है कि एक टोपी-दाढ़ी वाला शख्स, जिसकी जबान तेज तलवार की तरह चलती है, सिर्फ 11 सीटों पर चुनाव लड़ता है। उन्होंने कहा, “इनको लगता है कि भाजपा जीत जाती है।” ओवैसी ने गैर-भाजपा दलों को चुनौती देते हुए कहा कि आप 11 सीट तो छोड़ो, 270 सीटों पर जीत जाओ और भाजपा को हरा दो। उन्होंने पूछा, “तुममें दम है तो बताओ मुझे?”
‘मुसलमानों का नेतृत्व क्यों नहीं हो सकता?’
ओवैसी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मजलिस से डर इसलिए है क्योंकि सबकी लीडरशिप होती है। ओबीसी, दलितों की लीडरशिप होती है, लेकिन कुछ लोग कहते हैं कि मुसलमानों की लीडरशिप नहीं हो सकती। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वे अपना स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व तैयार करें। ओवैसी ने कहा कि लोग ‘पतंग’ (उनके पार्टी के चुनाव चिह्न) को वोट दें। उन्होंने बंगाल वाली बात दोहराते हुए कहा कि एक पर्चे में आंकड़ा लिखकर रखा है कि वह केवल 11 सीटों पर लड़ रहे हैं, जबकि अन्य दल सैकड़ों सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्हें आरोपी बनाया जा रहा है।
