Uttar Pradesh News: बागपत में राष्ट्र वंदना चौक के पास एक रेस्टोरेंट में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी को एडीओ पंचायत के साथ चाय पीते पकड़ लिया। गुस्साए पति ने मौके पर ही दोनों की जमकर पिटाई कर दी। हाईवे पर भी यह तमाशा जारी रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति, पत्नी और एडीओ तीनों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि अभी तक किसी पक्ष ने आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है।
ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, एडीओ पंचायत का अपने ही विभाग में कार्यरत एक संविदा महिला कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर ऑफिस से निकलकर रेस्टोरेंट में मिलते थे और शहर से बाहर घूमने भी जाते थे। सोमवार दोपहर भी यही हुआ। दोनों कार्यालय से निकलकर राष्ट्र वंदना चौक के समीप एक रेस्टोरेंट में चाय पीने पहुंच गए। तभी महिला के पति को इसकी भनक लग गई।
रेस्टोरेंट में अचानक पहुंचा पति
युवक जैसे ही रेस्टोरेंट के अंदर दाखिल हुआ, वह आग बबूला हो उठा। उसने देखा कि उसकी पत्नी एडीओ के साथ बैठकर चाय की चुस्कियां ले रही है। इतना देखते ही उसने एडीओ पंचायत और अपनी पत्नी पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुई इस मारपीट से रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई। मौजूद लोग सहम गए और किसी ने बीचबचाव की हिम्मत नहीं जुटाई।
हाईवे पर भी जारी रही पिटाई
पति का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। वह एडीओ पंचायत को पकड़कर रेस्टोरेंट से बाहर दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ले आया। हाईवे पर भी उसने एडीओ की पिटाई जारी रखी। सड़क किनारे यह नजारा देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक यह ड्रामा चलता रहा और हर कोई हैरानी से तमाशा देखता रहा।
पुलिस ने तीनों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक, उसकी पत्नी और एडीओ पंचायत तीनों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद तीनों को कोतवाली लाया गया, जहां अलग-अलग बैठाकर उनसे पूछताछ की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
क्या बोले कोतवाली प्रभारी
कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार से जब इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों से पूछताछ जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इधर, चर्चा यह भी है कि पति को विभाग के कुछ अंदरूनी सूत्रों ने इस मुलाकात की खबर दी थी, जिसके बाद वह ठीक उसी समय रेस्टोरेंट जा पहुंचा। पूरे क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
