CM बनते ही थलपति विजय का ‘मास्टरस्ट्रोक’, तमिलनाडु में बंद होंगी 717 शराब की दुकानें; एक्टर विशाल भी हुए मुरीद

Tamil Nadu News: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सत्ता संभालते ही राज्य में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं। पद की शपथ लेने के महज 48 घंटों के भीतर उन्होंने जनहित में अपना पहला बड़ा फैसला सुनाया। विजय ने पूरे राज्य में स्कूलों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों के पास स्थित 717 शराब की दुकानों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है। इस साहसिक कदम ने न केवल विपक्ष बल्कि फिल्मी दुनिया के उनके सहयोगियों को भी हैरान कर दिया है।

स्कूल-अस्पतालों के पास अब नहीं बिकेगी शराब

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सामाजिक स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोपरि है। नए आदेश के मुताबिक, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में आने वाली सभी शराब की दुकानें बंद होंगी। कुल 717 दुकानों को चिन्हित कर उन्हें दो सप्ताह के भीतर अपना बोरिया-बिस्तर समेटने को कहा गया है। सरकार का मानना है कि इस फैसले से स्कूलों और अस्पतालों के आसपास महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा काफी हद तक बढ़ जाएगी।

एक्टर विशाल ने वीडियो जारी कर दी बधाई

विजय के इस फैसले का स्वागत पूरे राज्य में हो रहा है। दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज एक्टर विशाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक वीडियो संदेश साझा किया। विशाल ने मुख्यमंत्री को ‘सलाम’ करते हुए कहा कि स्कूलों के पास से शराब की दुकानें हटाना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विजय को उनके इस साहसिक निर्णय के लिए बधाई दी और इसे एक नई और ईमानदार राजनीति की शुरुआत बताया। दोनों अभिनेताओं के बीच कॉलेज के दिनों से ही गहरी मित्रता रही है।

भव्य शपथ ग्रहण समारोह के बाद एक्शन में विजय

गौरतलब है कि विजय ने हाल ही में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। एक्टर से राजनेता बने विजय ने बहुत कम समय में प्रशासन पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। शपथ ग्रहण के दो दिन बाद ही कैबिनेट मीटिंग में उन्होंने शराबबंदी की दिशा में यह प्रारंभिक कदम उठाया। इस फैसले से स्थानीय समुदायों और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर है। वे इसे राज्य के उज्जवल भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।

विधानसभा चुनाव में TVK का शानदार प्रदर्शन

विजय की राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कजगम’ (TVK) ने राज्य की 234 सीटों में से 108 पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। विजय खुद दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव जीतकर सदन पहुंचे हैं। हालांकि उनकी पार्टी बहुमत के जादूई आंकड़े 118 से थोड़ी पीछे रह गई थी, लेकिन कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय दलों ने उन्हें बिना शर्त समर्थन दे दिया। भारतीय कम्युस्टि पार्टी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग जैसे दलों के सहयोग से विजय ने आसानी से बहुमत हासिल कर तमिलनाडु में अपनी सरकार बना ली।

प्रशासनिक अधिकारियों को दो सप्ताह का अल्टीमेटम

मुख्यमंत्री ने इस आदेश को लागू करने के लिए प्रशासनिक अमले को बिल्कुल भी ढील नहीं दी है। उन्होंने मुख्य सचिव और संबंधित जिला कलेक्टरों को स्पष्ट किया है कि 14 दिनों के भीतर चिन्हित सभी 717 दुकानें बंद हो जानी चाहिए। इस फैसले के आर्थिक प्रभाव का आकलन करने के बजाय विजय ने सामाजिक सुधार को प्राथमिकता दी है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि विजय अपने कार्यकाल की शुरुआत एक ‘कल्याणकारी शासक’ की छवि के साथ करना चाहते हैं, जिसमें वे अब तक सफल रहे हैं।

Hot this week

Related News

Popular Categories