बिहार: आज नीतीश कुमार देंगे त्यागपत्र, शाम को एनडीए विधायक दल चुनेगा नया नेता, कल शपथ

Bihar News: बिहार की राजनीति में आज (14 अप्रैल) का दिन निर्णायक है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 11 बजे कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे, जिसके बाद वह राज्यपाल से मिलकर त्यागपत्र देंगे। दोपहर और शाम को जदयू और भाजपा विधायकों की अलग-अलग बैठकें होंगी। शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक में नए मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा। कल 15 अप्रैल को नई सरकार शपथ लेगी।

सुबह 11 बजे कैबिनेट की अंतिम बैठक, त्यागपत्र की संभावना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। यह नीतीश सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक होगी। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है। इस बैठक के बाद नीतीश कुमार अपने पद से त्यागपत्र दे सकते हैं। इससे पहले वह अम्बेडकर जयंती पर पटना हाईकोर्ट के सामने स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। उसके बाद वह मुख्य सचिवालय पहुंचेंगे और कैबिनेट बैठक के बाद सामूहिक फोटोग्राफी में भी शामिल होंगे।

दोपहर 2 बजे जदयू विधायकों की बैठक, 3 बजे भाजपा विधायकों की

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोपहर 2 बजे सीएम आवास पर जदयू विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में नीतीश कुमार के इस्तीफे की औपचारिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। वहीं, भाजपा विधायकों की बैठक दोपहर 3 बजे होगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस बैठक में पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे और विधायक दल के नेता (मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार) के नाम का ऐलान करेंगे।

दोपहर 3:15 बजे राज्यपाल से मुलाकात, शाम 4 बजे एनडीए बैठक

नीतीश कुमार दोपहर 3:10 बजे लोकभवन पहुंचेंगे और 3:15 बजे राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान वह अपना त्यागपत्र सौंप देंगे। उसके बाद वह 3:30 बजे अपने आवास लौट जाएंगे। शाम 4 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा विधायक दल द्वारा चुने गए नेता को गठबंधन का नया नेता चुन लिया जाएगा। इसके बाद एनडीए का एक प्रतिनिधिमंडल लोकभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।

15 अप्रैल को शपथ ग्रहण, भाजपा के नेतृत्व में पहली एनडीए सरकार

राज्यपाल के दावा स्वीकार करने के बाद 15 अप्रैल को पटना के लोकभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। यह बिहार में भाजपा के नेतृत्व में बनने वाली पहली एनडीए सरकार होगी। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। सभी दलों की बैठकों के बाद साफ हो जाएगा कि बिहार को अगला मुख्यमंत्री कौन देगा। फिलहाल, सियासी हलकों में सबसे बड़े दल के नेता के तौर पर भाजपा के किसी चेहरे के सीएम बनने की संभावना जताई जा रही है।

Hot this week

Related News

Popular Categories