Himachal News: परिवहन विभाग के हाईटेक सिस्टम की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। बिलासपुर जिले में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है। यहां पिछले करीब अढ़ाई साल से घर में खड़ी एक दुर्घटनाग्रस्त कार का अचानक चालान कट गया। इस घटना ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और आईटीएमएस कैमरों की सटीकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना सड़क पर उतरे ही गाड़ी का चालान कटने से कार मालिक और उनके परिजन पूरी तरह हैरान हैं।
कवर से ढकी गाड़ी का कटा दो हजार का चालान
स्वाहण निवासी नरेश कुमार की कार अढ़ाई साल पहले एक सड़क हादसे में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार मालिक के चाचा शेर सिंह ने बताया कि तब से गाड़ी घर में ही खड़ी है। इंश्योरेंस क्लेम का मामला भी कंपनी के साथ अभी लंबित है। गाड़ी को घर में कवर से ढककर सुरक्षित रखा गया है। इसी बीच उनके मोबाइल पर गरामोड़ा स्थित आईटीएमएस से बीमा खत्म होने पर दो हजार रुपये के चालान का मैसेज आया।
मालिक ने की शिकायत, आरटीओ ने दिया जांच का भरोसा
परिजनों ने इस चालान को परिवहन विभाग की बड़ी त्रुटि करार दिया है। उनका कहना है कि जो वाहन सालों से सड़क पर चला ही नहीं, उसका चालान करना पूरी तरह से गलत है। कार मालिक ने इस अजीबोगरीब मामले की शिकायत आरटीओ बिलासपुर से की है। इस बारे में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश कौशल ने बताया कि वाहन मालिक अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करें। विभाग इसकी पूरी जांच करवाएगा और दावा सही पाए जाने पर गलती सुधारेगा।
