Israel News: ईरान और इजरायल के बीच चल रहा युद्ध अब एक बेहद खतरनाक मोड़ ले चुका है। इजरायल के प्रमुख औद्योगिक इलाके नेओत होवाव पर ईरान ने भीषण मिसाइल हमला किया है। इस हमले ने न केवल भारी तबाही मचाई है, बल्कि हवा में जानलेवा रसायनों का जहर भी घोल दिया है। पूरे इलाके में केमिकल इमरजेंसी जैसे हालात बन गए हैं। लोग खुली हवा में सांस लेने से भी खौफ खा रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने युद्ध स्तर पर अलर्ट जारी कर दिया है।
केमिकल फैक्ट्री पर ईरानी मिसाइल का कहर
यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल के पर्यावरण मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है। ईरानी मिसाइल सीधे नेओत होवाव के इंडस्ट्रियल जोन में आकर गिरी। मिसाइल गिरते ही वहां भीषण आग लग गई। अब सबसे बड़ा खतरा खतरनाक रसायनों के रिसाव का बन गया है। पर्यावरण मंत्रालय फिलहाल इस रिसाव की गहन जांच कर रहा है। हालांकि रमत नेगेव क्षेत्रीय परिषद के आसपास के इलाकों में अभी कोई तत्काल बड़ा खतरा नहीं देखा गया है। इजरायली मीडिया के अनुसार, इस तेज धमाके की लहर से एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।
घर में कैद हुए लोग, बंद करने पड़े एसी
हालात की गंभीरता को देखते हुए होम फ्रंट कमांड ने स्थानीय नागरिकों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने इस घटना को एक खतरनाक रासायनिक आपदा घोषित किया है। सभी नागरिकों को अपने घरों या सुरक्षित इमारतों के अंदर ही रहने को कहा गया है। जहरीली हवा को घर में प्रवेश करने से रोकने के लिए लोगों को खिड़कियां और दरवाजे कसकर बंद रखने के निर्देश मिले हैं। इसके साथ ही एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम को भी तुरंत बंद करने को कहा गया है। औद्योगिक क्षेत्र के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ही रहने का आदेश दिया गया है।
हाईवे 40 बंद, युद्ध स्तर पर बचाव कार्य
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए इजरायली पुलिस ने हाईवे 40 को पूरी तरह से बंद कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए प्रभावित कारखाने के पास कड़ी घेराबंदी कर दी गई है। नेओत होवाव की औद्योगिक परिषद ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। होम फ्रंट कमांड, पुलिस, फायर ब्रिगेड और पर्यावरण मंत्रालय की टीमें एक साथ मिलकर काम कर रही हैं। आग बुझाने और रसायनों के फैलाव को रोकने की पूरी कोशिश की जा रही है। अधिकारी लगातार इस बात की निगरानी कर रहे हैं कि हवा में जहरीले कण फैले हैं या नहीं।


