Uttar Pradesh News: मेरठ के हस्तिनापुर में एक हृदयविदारक हादसा हुआ है। यहाँ 120 साल की बुजुर्ग दादी का अंतिम संस्कार करने गए चार युवक गंगा नदी में डूब गए। मखदुमपुर गंगा घाट पर हुए इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं। डूबे हुए युवकों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी बुलाया गया है।
अंतिम विदाई के बाद नहाते समय हुआ हादसा
पूरी घटना थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदुमपुर इलाके की है। इंचौली थानाक्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी 120 वर्षीय भगवती देवी का शुक्रवार को निधन हो गया था। परिजन और रिश्तेदार उनका अंतिम संस्कार करने गंगा घाट पहुँचे थे। दाह संस्कार के बाद भगवती देवी के भांजे के बेटे अभिषेक और हिमांशु अपने चचेरे भाई दीपांशु, प्रियांशु और प्रदीप के साथ नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान पानी का बहाव तेज हो गया और पाँचों युवक गहराई में समाने लगे।
एक को जैसे-तैसे बचाया, चार बहा ले गई गंगा
युवकों को डूबता देख पास ही मौजूद रिश्तेदार राहुल ने साहस दिखाया। राहुल ने किसी तरह प्रदीप को तो सुरक्षित बाहर खींच लिया। लेकिन अभिषेक, हिमांशु, दीपांशु और प्रियांशु देखते ही देखते गंगा की तेज लहरों में ओझल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और पुलिस को खबर दी गई। मखदुमपुर घाट पर इस समय भारी भीड़ जमा है और अपनों को खोने के डर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भारी अमले के साथ सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की खबर मिलते ही सीओ मवाना पंकज लवानिया, एसडीएम संतोष सिंह और तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अग्निशमन विभाग के गोताखोर घंटों से नदी की खाक छान रहे हैं। सुदूर और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण वाइल्ड लाइफ की विशेष मोटरबोट भी तलाशी अभियान में लगाई गई है। अंधेरा होने के बावजूद प्रशासन युवकों को ढूंढने की कोशिशों में जुटा है। हालांकि, अभी तक चारों में से किसी का सुराग नहीं लग सका है।

