Sports News: विश्व क्रिकेट में एक नाम तेजी से उभर रहा है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसी पहचान बनाई है कि लोग उनके दीवाने हो गए हैं। अब अपनी हेवी इंग्लिश के लिए मशहूर शशि थरूर भी उनके मुरीद हो गए हैं। थरूर ने वैभव की तारीफ में एक्स पर लंबी पोस्ट लिखी है।
थरूर ने की वैभव की तकनीक और अंदाज की तारीफ
यह पोस्ट वैभव की आरसीबी के खिलाफ खेली गई पारी के बाद आई है। शुक्रवार को गुवाहाटी में वैभव ने 26 गेंदों पर 8 चौके और 7 छक्के लगाकर 78 रन बनाए थे। थरूर ने लिखा, “सूर्यवंशी को आगे बढ़ते देखना शानदार है। 15 साल के इस लड़के को क्रीज पर देखना खेल में बदलाव की मास्टरक्लास है। जो बैट स्पीड वह जेनरेट करते हैं, उसमें टाइमिंग और ताकत है।” थरूर ने उन्हें आने वाली पीढ़ी के लिए बल्लेबाजी की कला का नया आयाम बताया।
‘वह जब स्ट्राइक लें, मैं सब काम छोड़ देखता हूं’
थरूर ने आगे लिखा, “वह जब भी स्ट्राइक लेते हैं, बाहर की दुनिया कहीं और जाने से मना कर देती है। मैं खुद सभी काम छोड़ देता हूं ताकि उनको बल्लेबाजी करते हुए देख सकूं। हम अपनी आंखों के सामने एक अलग और जेनरेशनल टैलेंट देख रहे हैं। सच में शानदार।” उन्होंने यह भी कहा कि वैभव का कैच विराट कोहली ने लपका, जिसके बाद ही वह ट्वीट कर पाए।
पिछले साल लगाया था सबसे तेज शतक, अब पहने ऑरेंज कैप
वैभव ने पिछले साल आईपीएल में अपनी झलक दिखा दी थी। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों पर शतक जमाया था। यह आईपीएल में किसी भारतीय खिलाड़ी का सबसे तेज शतक है। इस सीजन भी वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी है। कल के मैच के बाद वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर ऑरेंज कैप पहनने में सफल रहे हैं। थरूर जैसे दिग्गज के तारीफ के बाद वैभव पर उम्मीदों का बोझ और बढ़ गया है।

