Jamshedpur News: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह बाबरी बस्ती में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दयाल बाग के रूप में हुई है। वह पेशे से लकड़ी टाल में मजदूरी करता था। घटना के बाद परिजनों ने उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे की हालत में पैसे मांगने पर हुआ विवाद
मृतक केभगीने अमित बाउरी ने बताया कि मंगलवार की रात दयाल बाग अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचा। उसने घर वालों से और नशा करने के लिए पैसों की मांग शुरू कर दी। परिजनों द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह उग्र हो गया और उनके साथ मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ने पर परिजनों ने उसे घर से बाहर कर दिया।
कमरे में जाकर लगा लिया फंदा
परिजनोंके अनुसार, घर से बाहर किए जाने के कुछ देर बाद वह चुपचाप कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर फांसी के फंदे से लटक गया। काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर जब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो दयाल फंदे से झूलता पाया गया।
तीन बेटियों के भविष्य पर संकट
इस आत्मघातीकदम ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। दयाल बाग अपने पीछे तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है। उनके भविष्य पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं। घटना की सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। फिलहाल परिवार में मातम का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित सहायता दिलाने की मांग की है।


