Kerala Election News: केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कांजिरापल्ली सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। 9 अप्रैल को होने वाले मतदान में यहां केरल कांग्रेस (एम)-एलडीएफ से एन. जयराज, कांग्रेस-यूडीएफ से रोनी के बेबी और भाजपा-एनडीए से जॉर्ज कुरियन आमने-सामने हैं। इस सीट की डेमोग्राफी में सीरो-मलाबार कैथोलिक वोटरों की बड़ी संख्या है, जिससे तीनों गठबंधनों के लिए यह सीट काफी अहम हो गई है।
चार बार के विधायक की साख दांव पर
मौजूदाविधायक और केरल सरकार के मुख्य सचेतक एन. जयराज इस सीट से 2011 से लगातार जीत रहे हैं। चार बार के विधायक जयराज विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर इस सीट को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। एलडीएफ गठबंधन का पूरा फोकस पिछले दशक में किए गए विकास को वोट बैंक में बदलने पर है।
अपना किला वापस पाने की कोशिश में कांग्रेस
कांग्रेस केप्रत्याशी रोनी के बेबी के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का प्रश्न है। कांजिरापल्ली कभी यूडीएफ का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन 2020 में केरल कांग्रेस (एम) के एलडीएफ में शामिल होने के बाद समीकरण बदल गए। कांग्रेस अब इस सीट को फिर से अपने कब्जे में लेने के लिए पूरा दम लगा रही है। हालिया निकाय चुनाव में मिले समर्थन को वह अपने पक्ष में मान रही है।
केंद्रीय राज्यमंत्री को उतारकर बीजेपी ने बढ़ाई रेस
भाजपाने केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को मैदान में उतारकर इस सीट को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है। एनडीए यहां ईसाई बहुल मध्य त्रावणकोर इलाके में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास एजेंडे को पार्टी ने मुख्य मुद्दा बनाया है। कांजिरापल्ली सीट पर इस बार तीनों गठबंधनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। फिलहाल सभी दलों ने प्रचार जोर-शोर से शुरू कर दिया है।


