Delhi News: दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में स्कूलों, हाई कोर्ट और सरकारी दफ्तरों को बम की धमकी देकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी युवक को कर्नाटक के मैसूर से दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक पुलिस की सहायता से गिरफ्तार किया है।
आरोपी के पास से लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद
पुलिस नेआरोपी के पास से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। इन सभी को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को मैसूर कोर्ट में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे दिल्ली लेकर आ रही है। अब आरोपी से दिल्ली में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अकेले यह कृत्य किया या उसका कोई साथी भी शामिल था।
दिल्ली हाई कोर्ट के जज को भी भेजी थी धमकी
दिल्लीपुलिस की स्पेशल सेल के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी श्रीनिवास लुईस को गुरुवार को मैसूर के वृंदावन लेआउट स्थित एक मकान से पकड़ा गया। जांच में पता चला है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों से धमकी भरे ई-मेल और मैसेज भेजता था। दिल्ली हाई कोर्ट के एक जज को भी आरोपी ने धमकी भरा ई-मेल भेजा था। जज की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। कई हफ्तों की तकनीकी पड़ताल के बाद श्रीनिवास लुईस की पहचान हो पाई।
पोस्टग्रेजुएट आरोपी बेरोजगार, मानसिक तनाव से जूझ रहा था
पुलिस जांच मेंपता चला है कि बेंगलुरू का रहने वाला श्रीनिवास पोस्टग्रेजुएट है। फिलहाल उसके पास कोई रोजगार नहीं है। वह बेरोजगार है और अपनी मां के साथ रहता है। उसकी मां रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं। मां की पेंशन पर ही घर चलता है। पुलिस की शुरुआती जांच से लगता है कि वह मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इसी वजह से उसने यह काम किया। पुलिस के मुताबिक, उसने जानबूझकर अदालतों, स्कूलों और कॉलेजों को निशाना बनाकर अधिक दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी के लैपटॉप को खंगालना शुरू कर दिया है। अभी तक की जांच में 1,100 ई-मेल भेजे जाने की बात सामने आई है।


