Jamshedpur News: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में होमगार्डों की गुंडागर्दी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को होमगार्डों ने एक मरीज के साथ बदसलूकी की और मरीज की गाड़ी के ड्राइवर के साथ मारपीट की। इस मारपीट में ड्राइवर सुजीत कुमार का सिर फट गया। उसके सिर में पांच टांके लगे हैं। मरीज राहुल कुमार के साथ भी मारपीट की गई है। यह घटना उस समय हुई जब राहुल कुमार अपना इलाज कराने गाड़ी से अस्पताल गए थे।
फर्श पर लेटने को लेकर हुआ विवाद
राहुल कुमार नेबताया कि ड्राइवर सुजीत कुमार ने गाड़ी खड़ी की और अंदर जाकर फर्श पर लेट गया। इस पर एक होमगार्ड ने सुजीत को पैर से मारकर उठा दिया। सुजीत ने होमगार्ड से कहा कि वह रातभर जागा है और उसे फर्श पर लेटकर थोड़ा आराम कर लेने दिया जाए। मगर, होमगार्ड उसे उठाकर ही माने। इसके बाद गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर होमगार्डों की ड्राइवर से कहासुनी होने लगी।
दो होमगार्डों ने मिलकर की मारपीट
तभीवहां मरीज राहुल राय पहुंच गया और बीच-बचाव करने लगा। मगर, दो होमगार्डों ने ड्राइवर सुजीत कुमार पर मुक्कों की बरसात कर दी और उसे दीवार में टकरा दिया। इससे उसके सिर के पीछे चोट लग गई और खून बहने लगा। राहुल ने बताया कि दो होमगार्ड उसे पीट रहे थे। एक होमगार्ड बुजुर्ग था, वही बीच-बचाव कर रहा था। मारपीट सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए और किसी तरह सुजीत को होमगार्डों के चंगुल से बचाया।
टीएमएच में भी हुई थी मारपीट, अब तक गिरफ्तारी नहीं
गौरतलब हैकि मंगलवार को टीएमएच में गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने मानगो के रहने वाले एक युवक के साथ मारपीट की थी। युवक अपने एक मरीज को लेने के लिए बाइक लेकर टीएमएच में जाना चाहता था, मगर सिक्योरिटी गार्ड उन्हें नहीं जाने दे रहे थे। कहासुनी के बाद चार-पांच गार्डों ने मिलकर युवक को जमकर पीटा था। इस मामले में युवक ने बिष्टुपुर थाने में केस दर्ज कराया है, मगर अब तक आरोपी गार्ड गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। फिलहाल एमजीएम अस्पताल मारपीट के मामले में पुलिस जांच कर रही है।


