नैनीताल में बड़ा हादसा: पर्यटकों से भरे 2 टेंपो ट्रैवलर पलटे, 20 लोग हुए घायल

Nainital News: नैनीताल से घूमकर लौट रहे पर्यटकों के साथ कालाढूंगी मार्ग पर एक बड़ा हादसा हुआ। प्रिया बैंड और ढलान के पास दो अलग-अलग टेंपो-ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। इन दोनों हादसों में बच्चों और महिलाओं सहित कुल 20 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ पर्यटकों को हल्द्वानी रेफर किया गया है।

प्रिया बैंड के पास पहला हादसा

पहला हादसा प्रिया बैंड के पास हुआ। दिल्ली से नैनीताल घूमने आए चामुंडा पेट्रोकेमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों का टेंपो ट्रैवलर वापसी में पलट गया। इस वाहन में चालक अनुज शर्मा 12 पर्यटकों को लेकर आ रहे थे। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में चालक और एक बच्ची समेत कुल 13 लोग घायल हुए। पूजा नागपाल, मीनाक्षी वर्मा, विनय मिश्रा, राजीव, उत्कर्ष यादव और चालक अनुज को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर किया गया है।

ढलान पर दूसरे वाहन के फेल हुए ब्रेक

दूसरी दुर्घटना घटगड़ और प्रिया बैंड के बीच घटी। रविवार को मोदी नगर और गाजियाबाद के पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर नैनीताल से लौट रहा था। प्रिया बैंड से दो किलोमीटर पहले ढलान पर वाहन के ब्रेक फेल हो गए। इससे टेंपो ट्रैवलर पैराफिट से टकराकर पलट गया। इस वाहन में बच्चे और महिलाओं सहित 17 लोग सवार थे। हादसे में गाजियाबाद के सात पर्यटक घायल हुए। गंभीर रूप से घायल कैलाश और सतीश कुमार को हल्द्वानी भेजा गया है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने की मदद

हादसे के तुरंत बाद पीछे चल रहे दूसरे वाहन और राहगीरों ने मदद की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। कृष्णा, उमा, देवेंद्र और सृष्टि को मामूली चोटें आई हैं। उनका प्राथमिक उपचार सीएचसी कालाढूंगी में किया गया। ये सभी पर्यटक भीमताल होते हुए वापस घर लौट रहे थे। कोतवाल अरूण सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ढलान पर ब्रेक न लगना सामने आया है। जांच जारी है।

SOURCE: न्यूज एजेंसी
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories