Delhi News: आम आदमी पार्टी के भीतर घमासान मच गया है। पार्टी के पूर्व नेता नवीन जयहिंद ने अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नवीन ने राघव चड्ढा को केजरीवाल का सबसे बड़ा राजदार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब और दिल्ली से पैसे की भारी उगाही की जा रही है। पूर्व नेता ने दोनों नेताओं के नार्को टेस्ट की भी बड़ी मांग कर दी है।
उगाही के पैसे इंग्लैंड भेजने का दावा
नवीन जयहिंद ने दावा किया कि यह पूरा विवाद सिर्फ पैसे और भ्रष्टाचार का है। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा उगाही का पैसा इंग्लैंड ले गए थे। नवीन के अनुसार, पैसा सिंगापुर भेजा जाना था, लेकिन राघव उसे इंग्लैंड ले गए। इसके बाद दिल्ली और चंडीगढ़ में राघव की कथित तौर पर पिटाई की गई थी। नवीन ने राघव की आंख में चोट लगने की वजह भी इसी पिटाई को बताया।
घातक फिल्म के डायलॉग का दिया हवाला
पूर्व आप नेता ने राघव चड्ढा के हालिया वीडियो पर तंज कसा है। नवीन ने कहा कि राघव ने ‘घातक’ फिल्म का डायलॉग बोलकर बड़ा मैसेज दिया है। नवीन के मुताबिक, राघव बताना चाहते हैं कि केजरीवाल ‘कातिया’ हैं और वह खुद ‘काशीनाथ’। नवीन ने चुनौती दी कि राघव सामने आकर उगाही के पूरे नेटवर्क का सच उजागर करें। उन्होंने कहा कि राघव को बताना चाहिए कि पैसा किसके लिए इकट्ठा किया गया था।
पंजाब में ठेके और ट्रांसफर का मुद्दा
जयहिंद ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा पंजाब में आईएएस और आईपीएस के ट्रांसफर का पूरा काम देखते हैं। ठेके बांटने का जिम्मा भी कथित तौर पर राघव के पास ही है। नवीन ने सवाल किया कि केजरीवाल के साथ राघव की आखिर कौन सी रिश्तेदारी है। उन्होंने कहा कि परिणीति चोपड़ा से शादी के बाद राघव पर दांव उल्टा पड़ गया है।
राघव ने साजिश बताकर किया बचाव
राघव चड्ढा ने पार्टी द्वारा राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद अपना बचाव किया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर पार्टी के सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है। राघव ने दावा किया कि उनके खिलाफ एक बड़ी राजनीतिक साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि वह संसद में जनता के अहम मुद्दे उठाने गए हैं। राघव को पूरा भरोसा है कि उनके खिलाफ फैलाया जा रहा यह झूठ जल्द बेनकाब होगा।


