Defence News: देश की रक्षा क्षमता को और मजबूत करने के लिए आज रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में कई बड़े रक्षा सौदों को मंजूरी देने की तैयारी है। इनमें एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की अतिरिक्त यूनिट्स, ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल, अनमैन्ड कॉम्बैट जेट्स और मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख और रक्षा सचिव भी शामिल होंगे।
S-400 की 5 अतिरिक्त यूनिट्स खरीदने का प्रस्ताव
भारत पहलेसे ही रूस से 5 एस-400 सुदर्शन एयर डिफेंस सिस्टम की डिलीवरी का इंतजार कर रहा है। वर्तमान में भारतीय वायुसेना की टीम रूस में चौथी स्क्वाड्रन लेने गई हुई है। चौथा सिस्टम अप्रैल-मई में आने की उम्मीद है, जबकि पांचवां सिस्टम नवंबर-दिसंबर तक पहुंच सकता है। अब डीएसी के सामने 5 अतिरिक्त यूनिट्स खरीदने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पर आज मंजूरी मिलने की संभावना है।
ब्रह्मोस मिसाइल और स्वदेशी ड्रोन जेट्स खरीदी
बैठक मेंभारतीय थलसेना द्वारा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की बड़ी संख्या में खरीद का प्रस्ताव रखा गया है। यह मिसाइल 800 किलोमीटर तक मार कर सकती है। इसके अलावा भारतीय वायुसेना के लिए स्वदेशी रिमोटली पाइलटेड स्ट्राइक एयरक्राफ्ट (अनमैन्ड कॉम्बैट जेट्स) की लगभग 4 स्क्वाड्रन्स खरीदने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। ये ड्रोन लड़ाकू विमान वायुसेना की ताकत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
60 मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और 300 धनुष होवित्जर
भारतीय वायुसेना60 मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट खरीदना चाहती है। इस टेंडर में ब्राजील की एम्ब्रेयर, अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन और रूसी कंपनी इल्यूशिन मुख्य दावेदार हैं। बैठक में भारतीय थलसेना के 300 स्वदेशी धनुष होवित्जर तोपखाने खरीदने के प्रस्ताव पर भी चर्चा और मंजूरी होने की संभावना है। प्रोजेक्ट कुशा की 5 स्क्वाड्रन्स खरीदने की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। यह स्वदेशी लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है, जो डीआरडीओ के नेतृत्व में विकसित की जा रही है। फिलहाल डीएसी बैठक में इन सभी प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

