Maharashtra News: महाराष्ट्र के नासिक से एक बेहद खौफनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां अशोक खरात उर्फ ‘भोंदू बाबा’ ने तंत्र-मंत्र के नाम पर कई महिलाओं का यौन शोषण किया है। इस ढोंगी बाबा ने एक महिला के साथ दस साल तक रेप किया। उसने उस महिला को दवा खिलाकर गर्भपात के लिए भी मजबूर किया। इस मामले में महाराष्ट्र महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का नाम सामने आया है। इस ढोंगी बाबा ने लोगों को ठग कर 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति बना ली है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
तंत्र-मंत्र के नाम पर 10 साल तक दरिंदगी
यह बाबा भविष्य और न्यूमरोलॉजी के बहाने भोली-भाली महिलाओं को फंसाता था। पहली शिकायतकर्ता ने 10 साल तक यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। लगातार दुष्कर्म से यह पीड़िता गर्भवती हो गई थी। बाबा ने अपनी सच्चाई छिपाने के लिए उसे दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। यह ढोंगी बाबा महिलाओं की मजबूरी और उनके डर का पूरा फायदा उठाता था।
रूपाली चाकणकर और ढोंगी बाबा का कनेक्शन
बाबा के राजनीतिक रसूख के कारण पीड़ित महिलाएं सालों तक बिल्कुल चुप रहीं। उसके संपर्क बड़े नेताओं और अमीर कारोबारियों से थे। इस मामले में महाराष्ट्र महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की तस्वीरें वायरल हुई हैं। तस्वीरों में रूपाली इस ढोंगी बाबा के पैर धोती और छाता पकड़े दिख रही हैं। वह बाबा के शिवनिका ट्रस्ट से भी गहराई से जुड़ी थीं। बाबा की गिरफ्तारी के बाद रूपाली को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। उनकी बहन का बैंक खाता भी इस बाबा से जुड़ा मिला है।
पत्रकार को धमकाया और कायम किया खौफ
एक स्थानीय पत्रकार ने जब इस बाबा के खिलाफ खबर छापी थी। तब रूपाली चाकणकर ने उसे फोन करके खबर का खंडन छापने का भारी दबाव डाला था। इलाके के लोगों में इस भोंदू बाबा का काफी ज्यादा खौफ था। सिन्नर के रहने वाले रामकृष्ण मदाने ने अपना कड़वा अनुभव साझा किया। वह संतान प्राप्ति के लिए इस बाबा के पास गए थे। बाबा ने उनकी पत्नी को अकेले मिलने के लिए बुलाया था। लेकिन वे दोबारा वहां नहीं गए और खुद को सुरक्षित बचा लिया।
1500 करोड़ की संपत्ति और लग्जरी फार्महाउस
पिछले 20 सालों में इस ढोंगी ने लोगों की भावनाओं से खेलकर अपार धन लूटा है। आरटीआई कार्यकर्ता विजय कुंभर के मुताबिक बाबा ने 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई है। उसने नासिक के सिन्नर इलाके में एक बड़ा शिव मंदिर और 12 एकड़ का फार्महाउस बनाया है। इस आलीशान फार्महाउस में इजरायल और तुर्की से बहुत महंगा सामान मंगाया गया था। यह भोंदू बाबा जनता को ठगकर एक बेहद लग्जरी जीवन जी रहा था।

