पापा-मम्मी मेरे बच्चे का ख्याल रखना… विवाहिता की मौत के बाद मिले नोट ने सबको रुलाया, पति की ‘बेवफाई’ ले ली जान

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है। मछरेहटा इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वाले महिला का शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को जांच के दौरान मृतका के पास से एक मर्मस्पर्शी सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपने तीन साल के बेटे ‘अंश’ का ख्याल रखने की गुहार लगाई है। नोट में उसने अपनी मौत के लिए पति, उसके अवैध संबंधों और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

अवैध संबंध और पिटाई: 5 साल पहले हुई थी शादी

रामकोट के सिकटिहा निवासी सुनीता (28) की शादी 5 साल पहले मछरेहटा के संजीव के साथ हुई थी। सुनीता के परिजनों का आरोप है कि संजीव का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था। जब भी सुनीता इसका विरोध करती, संजीव उसे बुरी तरह पीटता था। 5 महीने पहले मामला महिला थाने तक भी पहुंचा था, लेकिन सुलह के बाद वह वापस लौट आई। शुक्रवार सुबह सुनीता ने अपने भाई से मोबाइल डाटा रिचार्ज कराया और बात करते-करते अचानक उसका फोन कट गया। इसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर आई।

अस्पताल में शव छोड़कर भागे सास-ससुर

सीएचसी मछरेहटा के डॉक्टरों के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे ससुर सतीश गौतम और सास सावित्री सुनीता को अस्पताल लाए थे। जैसे ही डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित किया, दोनों शव वहीं छोड़कर भाग निकले। सुनीता के शरीर और सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। पिता वंशी लाल का कहना है कि ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की सही वजह साफ हो सके।

रुला देने वाला सुसाइड नोट: ‘ये लोग मुझे मार डालेंगे’

सुनीता की लाश के पास से जो नोट मिला है, वह उसकी बेबसी की कहानी बयां कर रहा है। नोट में लिखा है, “पापा-मम्मी मेरे बच्चे का ख्याल रखना। ये लोग मुझे मार डालेंगे। मेरी मौत के जिम्मेदार पति संजीव, रिया, विजय, सास-ससुर और ननद हैं।” यह नोट साबित करता है कि सुनीता को अपनी मौत का अंदेशा पहले ही हो गया था। पुलिस अब इस नोट की हैंडराइटिंग की भी जांच कर रही है।

अंश का क्या होगा? मासूम के सिर से उठा मां का साया

सुनीता का तीन साल का एक मासूम बेटा है, जिसका नाम अंश है। मां की मौत के बाद मासूम के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मृतका के भाई कुंजबिहारी ने बताया कि सुनीता अपने बेटे को लेकर बहुत चिंतित रहती थी। पुलिस ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।

SOURCE: न्यूज़ एजेंसियां
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories