Uttarakhand News: उत्तराखंड के गदरपुर में सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी का एक खौफनाक मंजर सामने आया है। ओवरटेक करने के मामूली विवाद में कुछ युवकों ने चलती रोडवेज बस का पीछा कर उस पर पथराव कर दिया। शराब के नशे में धुत इन आरोपियों ने न केवल बस के शीशे तोड़े, बल्कि चालक के साथ बेरहमी से मारपीट भी की। इस अचानक हुए हमले से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और दहशत का माहौल पैदा हो गया। गदरपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ही चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शराब के नशे में बाइक सवारों ने मचाया उत्पात
कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि यह पूरी वारदात एक अप्रैल की है। टनकपुर निवासी शारदा शंकर शर्मा ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी हरजिंदर सिंह, रिंकू सिंह, गोविंद सिंह और अयान उस दिन बाइक पर घूमने निकले थे। सभी आरोपी शराब के नशे में धुत थे। इसी दौरान उत्तराखंड परिवहन की रोडवेज बस ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर दिया। बस का ओवरटेक करना इन रईसजादों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने बस को अपना निशाना बना लिया।
दो बार बस को रोककर किया जानलेवा हमला
आरोपियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा। उन्होंने पहले बस को जबरन रुकवाया और चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब बस आगे बढ़ी, तो इन सिरफिरे युवकों ने बाइक से बस का पीछा करना जारी रखा। केलाखेड़ा-रत्नामडैया क्षेत्र में उन्होंने दोबारा बस को घेरा और पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी की इस घटना में बस को काफी नुकसान पहुँचा और यात्री अपनी जान बचाने के लिए सीटों के नीचे छिपने को मजबूर हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गुरुवार रात सरोवर नगर रोड से उन्हें धर दबोचा।
24 घंटे के भीतर ‘हवालात’ पहुँचे चारों आरोपी
कोतवाल संजय पाठक के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में हरजिंदर, रिंकू और गोविंद खुशालपुर के रहने वाले हैं, जबकि अयान सरोवर नगर का निवासी है। पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर ऐसी गुंडागर्दी और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।

